
Khunti: खूंटी जिले की पुलिस चालू सीजन में अफीम के खिलाफ सबसे बड़ा अभियान चला रही है. वैसे तो खूंटी जिले में अफीम की खेती की शुरूआत 19 वर्ष पूर्व वर्ष 2005 में शुरू हुई थी. लेकिन इतना बड़ा अभियान इस वर्ष चलाया जा रहा है. अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी अमन कुमार ने बताया कि 11 दिसंबर 2024 से अफीम के खिलाफ अभियान प्रारंभ किया गया था. पूरे एक महीने में 11 जनवरी 2025 तक जिले में 1080.41 एकड़ में लगे अफीम की खेती को नष्ट किया गया. जिसमें सबसे ज्चयादा अड़की थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कुल 294.69 एकड़, मुरहू में 234.80 एकड़, खूंटी सदर थाना क्षेत्र के गांवों में 141.45 एकड़, सोयको में 227 एकड़, मारंगहादा थाना क्षेत्र में 171.5 एकड़ और कर्रा थाना क्षेत्र में 10.97 एकड़ में लगे अफीम की फसलों को नष्ट किया जा चुका है. वहीं विभिन्न थाना क्षेत्र के गांवों में ग्रामीणों ने स्वंय 100 एकड़ से ज्यादा भूमि में लगे अफीम की फसलों को नष्ट किया है.
जिले में अब तक कुल पांच लोगों की हुई गिरफ्तारी
जिला पुलिस ने अफीम की खेती करने वालों के खिलाफ भी अभियान प्रारंभ की है.इस क्रम में अड़की थाना क्षेत्र के मोसोंगा गांव से बीरखोदर मुंडा, तिलाईपिड़ी मोसोंगा से बुधु मुंडा, सोयको थाना क्षेत्र के रोंगो गांव से सीमोन नाग, मुरहू थाना क्षेत्र के बरकेला गांव से ओदर ओड़ेया और दोचा ओड़ेया को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
खूंटी पुलिस की अपील
खूंटी के एसपी अमन कुमार ने आम जनता से अपील की है कि वे अफीम की खेती के खिलाफ सहयोग करें. अफीम की खेती किए जाने से भूमि की उर्वरा शक्ति खत्म होती है. जल स्त्रोत दूषित होता है. इससे मानव जीवन और मानव स्वास्थ्य पर गंभीर रूप से प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.
अफीम की खेती करने वालों के विरूद्ध NDPS एवं PITNDPS अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कारवाई का प्रावधान है. अफीम की खेती करने पर 20 वर्ष से आजीवन कारावास तक की सजा एवं भारी जुर्माना हो सकता है. अफीम की खेती, परिवहन एवं दुरूपयोग से निपटने के लिए इस गतिविधि में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कारवाई की जाएगी. उनकी अर्जित अवैध संपत्ति को भी जप्त किया जाएगा. अफीम की खेती कर रहे लोगों से अपील की गई है कि वे स्वयं अफीम के पौधों को नष्ट करें. अन्यथा पुलिस के द्वारा नष्ट किए जाने पर जमीन मालिक की गिरफतारी की जाएगी.
उपायुक्त ने 13 को बुलाई बैठक
जिले के उपायुक्त ने अवैध अफीम की खेती को रोकने और वैकल्पिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 13 जनवरी को समाहरणालय सभागार में एक बैठक बुलाई है. बैठक में एसपी, डीएफओ, एसडीएम, जिला कृषि पदाधिकारी, आत्मा के परियोजना निदेशक, सामान्य शाखा के प्रभारी पदाधिकारी, अड़की, मुरहू, खूंटी और कर्रा के सीओ, अड़की, मुरहू और खूंटी प्रखंड के सभी मुखिया तथा कर्रा प्रखंड ेक कुदा, छाता, सुनगी, डुमरगड़ी, घुनसुली और कच्चाबारी पंचायतों के मुखिया को बुलाया गया है.




