
Khunti: अड़की थाना क्षेत्र अंतर्गत नौढ़ी गांव के ओटेबुटी मैदान के पास बहने वाली पहाड़ी नदी में डूबने से 70 वर्षीय वृद्ध चंद्रधर स्वांसी की मौत हो गई. ग्रामीणों ने बताया कि चंद्रधर हर दिन की तरह गुरुवार को अपराह्न दो बजे नदी में नहाने गए थे, इसी दौरान गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई. शाम को जब वे वापस नहीं लौटे तो परिवार वाले उनकी खोज करने लगे, लेकिन चंद्रधर का कहीं अता-पता नहीं चल पाया. शुक्रवार को ग्रामीणों ने परिजनों को बताया कि उनके द्वारा चंद्रधर को नदी में नहाते हुए उनके द्वारा देखा गया था. इसी आधार पर परिजन चंद्रधर को ढुंढ़ते हुए नदी के पास पहुंचे. नदी के तट पर तौलिया, साबून और चंद्रधर के कपड़े पड़े थे. शक के आधार पर परिजन नदी के पानी और आसपास उनकी खेज करने लगे. इसी दौरान कुछ दूरी पर नदी तट पर झाड़ियों से फंसा चंद्रधर स्वांसी का शव मिला, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी है.




