
Ranchi: परियोजना निदेशक, जुडको लिमिटेड, रांची द्वारा पाईप लाइन शिफ्टिंग का कार्य रांची में किया जाना है. इस संबंध में उसके आग्रह पर रुक्का डैम, रांची से 2 जनवरी को पानी सप्लाई का कार्य बाधित रहेगा. इस संबंध में पेयजल एवं स्वच्छता स्वर्णरेखा शीर्ष कार्य प्रमंडल, रांची के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर की ओर से मंगलवार को सूचना जारी की गई है. इसमें कहा गया है कि जुडको के आग्रह पर 2 जनवरी को 24 घंटे के लिए पेयजलापूर्ति सेवा रांची में पूरी तरह से बाधित रहेगी. मतलब 3 जनवरी को भी आंशिक रुप से ही पेयजलापूर्ति सेवा शुरू हो सकेगी.
5 लाख से अधिक लोगों पर असर
गौरतलब है कि राजधानी के सभी डैमों की तुलना में 80% वाटर सप्लाई सुविधा रुक्का डैम से ही मिलती है. रुक्का डैम से पानी बूटी जलागार को 4 मुख्य पाइपलाइन से भेजा जाता है. यहां से गोंदा डिवीजन और हटिया डिवीजन को भी पानी सप्लाई किया जाता है. ऐसे में बूटी इलाके से देकर कांके, हटिया तक में पानी सप्लाई सेवाएं 2 जनवरी और 3 जनवरी को भी प्रभावित रहेंगी. कुल मिलाकर 5 लाख से अधिक उपभोक्ता प्रभावित होंगे.




