
Ranchi: बरियातू रोड स्थित सेना की कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन सहित अन्य भू-खंडों की अवैध खरीद-बिक्री मामले में जेल में बंद निलंबित आईएएस अधिकारी छवि रंजन की जमानत याचिका पर पीएमएलए के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है. कोर्ट ने छवि रंजन की जमानत याचिका को खारिज कर दिया. पूर्व में दोनों पक्षों की सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया था. छवि रंजन ने जमानत की गुहार लगाते हुए 21 नवंबर को जमानत याचिका दाखिल की थी. बरियातू में सेना की जमीन के कागजात की हेराफेरी मामले में रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन को ईडी टीम ने 4 मई 2023 को गिरफ्तार किया था,उसी समय से वे जेल में है. इस मामले में उनकी जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट से भी खारिज है.
बता दें कि मामले में ईडी द्वारा अमित कुमार अग्रवाल खिलाफ ईसीआईआर 1/2023 दर्ज किया है. इसमें अमित कुमार अग्रवाल , छवि रंजन सहित 10 आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है. जमीन खरीद बिक्री मामले को लेकर बरियातू थाना में अमित अग्रवाल, छवि रंजन आदि के खिलाफ कांड संख्या 141 /2022 दर्ज किया गया है.




