
Jamtara: संथाल परगना से बांग्लादेशी घुसपैठियों को खदेड़ना होगा और यहां जो सामाजिक व्यवस्था बिगड़ रही है उसे आदिवासी समुदाय बर्दाश्त नहीं करेंगे. यह कहना था भाजपा नेता सह पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का. उन्होंने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है और परिवर्तन की लहर बनी हुई है. गुरुवार को संथाल परगना दौरे पर आए पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने जामताड़ा के एक लाइन होटल पर थोड़ी देर के लिए रुके. जहां उनके समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की और पत्रकारों से बातचीत के क्रम में यह बातें कही.
वैसे एक कार्यक्रम में उनका गुरुवार को जामताड़ा आगमन होना था. लेकिन किसी कारण बस वह समय पर नहीं पहुंच सके. वही कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्होंने क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली. बातचीत के क्रम में उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में भाजपा को अपार जन समर्थन मिला है और लगभग सभी सीटों पर भाजपा की जीत तय है. उन्होंने दावा किया है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने जा रही है. झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है.
गाड़ी में रुपए भर-भर कर चुनाव को प्रभावित करने के लिए जगह-जगह भेजा जा रहा है. जो पैसे सुरक्षा एजेंसी पकड़ रही है. इससे स्पष्ट हो रहा है कि भ्रष्टाचार किस हद तक है. उन्होंने कहा कि आदिवासियों की जमीन को छीना जा रहा है और सामाजिक व्यवस्था को प्रभावित करने का काम किया जा रहा है. जिसे यहां के आदिवासी बर्दाश्त नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि उनके साथ मंगल सोरेन है और उन्होंने बरहेट आने का निमंत्रण भी दिया है. अगले 17 नवंबर को वह बरहेट एवं जामताड़ा में चुनावी सभा करेंगे.
जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में पुराने कार्यकर्ताओं को पार्टी एवं प्रत्याशी की ओर से तरजीह नहीं दी जा रही है जिसे लेकर विरोध के स्वर अभी भी उठ रहे हैं. इस संदर्भ में पूछे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी किसी ने नहीं दी है. लेकिन उनका संथाल परगना का दौर शुरू हो गया है और वह जामताड़ा में सभी पुराने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर स्थिति को जानेंगे और सामान्य माहौल बनाने का प्रयास करेंगे. मौके पर भाजपा एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष मंगल सोरेन सहित सैंकड़ो की संख्या में उनके समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद थे.




