
Ranchi: हरमू स्थित पंच मंदिर के आसपास मीट एवं फिश शॉप को हटाने को लेकर दाखिल जनहित याचिका की सुनवाई झारखंड हाई कोर्ट में हुई. मामले में हाई कोर्ट की खंडपीठ ने पंच मंदिर के आसपास से मीट एवं फिश शॉप को हटाने के संबंध में कंप्लायंस स्टेटस रिपोर्ट रांची नगर निगम से मांगी है.
इससे पहले रांची नगर निगम की ओर से खंडपीठ को बताया गया कि पंच मंदिर के करीब 100 मीटर के दायरे में मीट एवं फिश शॉप को हटाने के संबंध में रांची नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है, आसपास के मीट एवं फिश शॉप दुकानदारों को हटाने के लिए नोटिस चिपका दिया गया है, अगर वे अपना शॉप में नहीं हटते हैं तो उन्हें जबरदस्ती हटाने की कार्रवाई निगम द्वारा की जाएगी. इससे पहले खंडपीठ ने रांची नगर निगम से पूछा की पंच मंदिर के निकट मीट एवं फिश शॉप को हटाने को लेकर म्युनिसिपल एक्ट के सेक्शन 423 के तहत रांची नगर निगम में क्या एक्शन लिया है?
रांची नगर निगम की ओर से कोर्ट को बताया गया कि हरमू का यह इलाका झारखंड स्टेट हाउसिंग बोर्ड के तहत आता है, हाउसिंग बोर्ड ने वेजिटेबल वेंडर्स सहित फुटपाथ दुकानदारों के लिए जगह चिन्हित किए हैं. ऐसे में रांची नगर निगम इस विषय को नहीं देखता है. बता दें कि हिमांशु शेखर ने हरमू के पंच मंदिर के निकट मीट , मछली के दुकान लगने का विरोध करते हुए इसे हटाने का आग्रह किया है. खंडपीठ ने मामले की अगली सुनवाई 21 नवंबर निर्धारित की है.




