
Ranchi: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बुधवार को मारू टावर, रांची स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता करते हुए दावा किया कि पहले चरण की 43 सीटों में एनडीए दो तिहाई से ज्यादा सीटों पर बड़ी जीत प्राप्त होगी. इस चुनाव के दौरान पूरे क्षेत्र में जनता में उत्साह था. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोग परिवर्तन के नाम पर वोट देते दिखे. प्रतुल ने कहा कि दरअसल झारखंड की जनता झारखंड के इतिहास की सबसे भ्रष्ट हेमंत सरकार से मुक्ति चाहती थी. हेमंत सरकार के कार्यकाल में रिकॉर्ड घपले – घोटाले हुए और पूरी की पूरी कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई. जिस तरीके के रुझान मिल रहे हैं, उससे यह स्पष्ट है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा अपनी अनेक परंपरागत सीटों पर भी बुरी तरह से हारने की ओर अग्रसर है. अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार जो वोटों का प्रतिशत बढ़ने की प्रबल संभावना है. यह परिवर्तन का सूचक है.
प्रतुल ने कहा कि रांची और हटिया के गठबंधन प्रत्याशियों के खिलाफ शिकायतें मिली थी कि वह मतदान केंद्र के भीतर भी मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे. इसकी शिकायत भी चुनाव आयोग में की गई. हुसैनाबाद का एक पुलिस अधिकारी राजद के उम्मीदवार के पक्ष में कार्य कर रहा था. ऐसी सूचनाएं हैं कि अनेक जगहों पर भी राज्य सरकार ने अपने अधिकारियों के जरिए चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की है. जैसे-जैसे सूचना आ रही है, वैसे-वैसे चुनाव आयोग में शिकायत की जा रही है. अधिकारियों को टूल किट बनाना ठग बंधन की हार की बौखलाहट को साफ दर्शाता है. भारतीय जनता पार्टी चुनाव आयोग, सुरक्षा कर्मी, पुलिस प्रशासन का शांतिपूर्वक मतदान कराने के लिए साधुवाद करता है. चुनाव आयोग ने बहुत ही बेहतर व्यवस्था में चुनाव कराया था.कई अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र में भी अभी तक किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं है जो अत्यंत प्रशंसनीय है. बूथों में भी बेहतर व्यवस्था देखने को मिली. प्रेस वार्ता में तारिक इमरान भी उपस्थित थे.



