JharkhandLead NewsRanchi

सीएम आवास में बातचीत से कष्ट, 3-4 सीटों पर राजद को लड़ने को कहना गला काटने जैसा: मनोज झा

Ranchi: राजद सांसद मनोज झा ने इंडी गठबंधन में राजद को कम आंके जाने का आरोप लगाया है. प्रदेश कार्यालय, रांची में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के खिलाफ सबसे बड़े प्रतीक में से राजद है. जिस पार्टी का राज्य की 22 विधानसभा सीटों पर पकड़ है, उसे 3-4 सीटों पर लड़ने को कहना उसका गला काटने जैसा है. मनोज झा ने निराशा जाहिर करते कहा कि शनिवार को सीएम हाउस में हेमंत और अन्य लोगों संग हुई वार्ता से पार्टी कष्ट में है. हालांकि अभी बात खत्म नहीं हुई है. राजद हर एक सीट और संभावनाओं को देख रहा है. हम कोई विध्वंस नहीं करेंगे. हम हर उस विकल्प का हिस्सा बनेंगे जिससे भाजपा को पराजित किया जा सके. अब सोमवार की सुबह 11 बजे तक राजद के संबंध में कई और बातें क्लियर हो जाएंगी कि वह चुनाव लड़ने को क्या फैसला लेगा.

कभी भी झुकना स्वीकार नहीं

मनोज झा ने कहा कि 2019 में चुनाव हो रहा था तब राष्ट्रीय अध्यक्ष रांची में थे. उस समय भाजपा को हटाने के उद्देश्य से 7 सीट पर ही हामी भरी. इस बार के चुनाव में भी इसी तरह से प्रेसर बनाया जा रहा है. एकतरफ़ा फैसला लिया जा रहा है. राजद के नेताओं ने कभी भी झुकना स्वीकार नहीं किया है. वे जेल जाना मुनासिब समझते हैं लेकिन भाजपा के वाशिंग मशीन में धुलना स्वीकार नहीं किया. राजद शुरू से भाजपा के खिलाफ लडता रहा है. एक दिन पहले (शनिवार) भी कई राउंड की बैठक हुई. सुबह से शाम तक मीटिंग का दौर चला. देर रात को फिर मुख्यमंत्री आवास में बैठक हुई. लेकिन यह सौहादपूर्ण नहीं रही. बैठक में कहा गया कि 7 सीट राजद को दिया जा रहा है. 7 सीट राजद के नेता और कार्यकर्ताओं को स्वीकार नहीं है. 22 सीट पर संगठन मज़बूत है. इन सीट पर जीत के करीब है. लेकिन साथ रहे तो पूरे सीट पर जीत का हिस्सा बनेगे. मनोज झा ने कह कि पिछले चुनाव में एक सीट जीत कर सदन पहुंचे लेकिन टूटे नहीं. हर परिस्थिति में साथ मौजूद रहे. भोक्ता को भी कई प्रलोभन दिया गया. लेकिन राजद का एक भी सिपाही कभी टूटा नहीं है.

राजद को ये है आपत्ति

मनोज झा के पीसी से यह बात निकलकर सामने आयी कि हेमंत सोरेन की घोषणा के बावजूद अभी भी राजद इस बात के लिए तैयार नहीं हो पा रहा कि उसे महज 6-7 सीटों पर ही लडने को कहा जा रहा. झामुमो-कांग्रेस ने 70 सीटों पर लड़ने की बात कही है. इनमें 43-45 सीट पर झामुमो और 25-27 सीट कांग्रेस के खाते में जा रही है. शेष 11 सीटों में से 4 सीपीआई (माले) और 7 पर राजद को मौका दिया जा रहा है. शनिवार सुबह से ही राजद खेमा सीट शेयरिंग के इस फॉर्मूले से नाराज चल रहा है. दिनभर इसे लेकर राजद नेता बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ मंथन करते रहे. रविवार की सुबह मीडिया को सूचना देने को आमंत्रित किया गया. पर अंततः दोपहर को ऐसा हुआ. कहा गया कि सुबह में भी राजद के नेता इंडी गठबंधन के दूसरे दलों से बात करते रहे पर अपेक्षित बात नहीं बनने पर मीडिया के सामने आए और एक तरह से झामुमो-कांग्रेस के लिए सोमवार तक का अल्टीमेटम दिया है.

Related Articles

Back to top button