JharkhandRanchi

जमीन विवाद केस में रांची नगर आयुक्त को नोटिस जारी करेगा राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग

Ranchi: मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में शुक्रवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डा. आशा लकड़ा ने रांची व गुमला जिले से संबंधित पांच मामलों की सुनवाई की. हरमू निवासी संदीप उरांव की ओर से पूर्व में आयोग के समक्ष शिकायत की गई थी कि धोखाधड़ी कर उनकी जमीन की बिक्री कर दी गई है सिर्फ यही नहीं, संबंधित जमीन पर आवासीय नक्शा पास कराकर कामर्शियल गतिविधि के तहत हरमू अस्पताल का संचालन किया जा रहा है. आयोग की ओर से इस मामले को लेकर रांची नगर निगम के प्रशासक से संबंधित जमीन पर पास किए गए नक्शा से संबंधित जानकारी मांगी गई थी, लेकिन शुक्रवार को आयोग की ओर से इस मामले की सुनवाई के दौरान रांची नगर निगम के प्रशासक उपस्थित नहीं हुए. आयोग की ओर से उन्हें नोटिस भेजने का निर्देश दिया गया है. इसी प्रकार, ईटकी में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन को दी गई जमीन से संबंधित मामले में रांची के उपायुक्त से 15 दिनों के अंदर जांच रिपोर्ट की मांग की गई है. आयोग की आगामी बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव को भी इस मामले में आयोग के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा गुमला जिले में एक व्यक्ति के खेत में 19 बिजली के पोल लगा दिए गए हैं, जिसके कारण संबंधित व्यक्ति का पूरा खेत बर्बाद हो चुका है. खेत में बिजली का पोल लगाने के कारण अब संबंधित जमीन पर खेती से संबंधित कार्य नहीं हो पा रहे हैं.

संबंधित व्यक्ति की आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है. इस मामले की सुनवाई के दौरान राज्य विकास आयुक्त अविनाश कुमार उपस्थित हुए. उन्होंने बताया कि संबंधित व्यक्ति को मुआवजा का भुगतान करने के लिए विभाग के पास कोई प्रावधान नहीं है. संबंधित व्यक्ति को दैनिक मजदूर के रूप में प्रतिमाह 10 हजार रुपये का भुगतान किया जा रहा है. आयोग की ओर से राज्य विकास आयुक्त को निर्देश दिया गया कि विभाग के पास मुआवजा के लिए कोई प्रावधान नहीं है तो प्रावधान तैयार करें.

Related Articles

Back to top button