
Saraikela: बीजेपी की ओर से राज्य में निकाली गई परिवर्तन यात्रा बुधवार को सरायकेला पहुंची. जहां जिस हाउस मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा. पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि वर्तमान झारखंड सरकार आदिवासी विरोधी है. सत्ता की लालच में संघर्ष करने वाले नेता चंपाई सोरेन का अपमान किया है. उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार आदिवासी की बात करती है, लेकिन आदिवासी को ही बर्दाश्त नहीं कर रही है. उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या चंपाई सोरेन ऊपर से टपके थे ? क्या वो आदिवासी के बेटे नहीं थे ? उनकी कुर्सी खाली कराकर खुद कुर्सी पर बैठ गए. उन्होंने सरकार पर जनजातीय समाज को बेइज्जत करने का आरोप लगाया. मुंडा यहीं नहीं रुके. आगे उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को आदिवासियों से मतलब नहीं है. इन्हें सिर्फ निजी स्वार्थ और अवैध कमाई से मतलब है. उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन सिर्फ सत्ता का परिवर्तन नहीं है, बल्कि जनता के मौलिक अधिकारों का परिवर्तन है. ये जनता के सपनों, उनके बच्चों के भविष्य को कैसे बेहतर बनाएं इस बात का परिवर्तन है. मुंडा ने कहा कि हेमंत सरकार ने सत्ता में आने से पूर्व वादा किया था कि पांच लाख नौकरी देंगे. लेकिन 600 बहाली निकाल कर पांच लाख लोगों को मैदान में दौड़ाया. जिसमें 17 लोग मारे गए हैं. उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार युवाओं की हत्यारी सरकार है. युवाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है. मां-बाप के सपनों को चकनाचूर कर रही है.
वहीं सभा को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि जिस धरती पर 1855 में सिदो- कान्हू, चांद- भैरव और फूलो- झानो ने साम्राज्यवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी और हमारे हजारों पूर्वजों ने अपनी कुर्बानी दी थी. उसके बाद संथाल परगना का अधिनियम बना. आज झारखंड के आदिवासी- मूलवासी का अस्तित्व संकट में हैं. उन्होंने कहा कि यह समस्या बांग्लादेशी घुसपैठ से उत्पन्न हुई है. इस दौरान चंपाई सोरेन ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठ के खिलाफ एक बार फिर संघर्ष किया जाएगा. साथ ही चंपाई ने कहा कि यदि बांग्लादेशी घुसपैठ को किसी में रोकने का दम है तो वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में है. चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार जनता को ठगने का काम कर रही है. यहां शहीदों का अपमान हो रहा है. उन्होंने कहा कि आज बारिश के बावजूद सभा में जनता का जनसैलाब इस बात का सबूत है कि जनता भी परिवर्तन चाहती है और अब झारखंड में भाजपा की सरकार बनकर रहेगी.
मौके पर मौजूद जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि आज झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है. बीडीओ और सीओ ऑफिस में बिना पैसे दिए काम नहीं होता है. इसलिए आने वाले समय में झारखंड में भाजपा की सरकार बनानी है. उन्होंने कहा कि आज झारखंड में नक्सलवाद कम होने का श्रेय पूर्व की भाजपा सरकार का जाता है. लेकिन वर्तमान सरकार में राज्य में अराजक स्थिति है. हर तरफ घूसखोरी और भ्रष्टाचार व्याप्त है. जिसे समाप्त करने के लिए परिवर्तन लाना जरूरी है.
कार्यक्रम में ये भी थे मौजूद
सरायकेला में आयोजित बीजेपी की परिवर्तन यात्रा में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, जमशेदपुर लोकसभा के सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक अरविंद सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, आदित्यपुर के पूर्व नगर निगम मेयर विनोद श्रीवास्तव, भाजपा नेता गणेश महाली, सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज चौधरी, विधायक प्रतिनिधि सरायकेला सनंद आचार्य, लिपू महंती, बड़ाबाबू सिंहदेव, के अलावा भाजपा के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.




