
Ranchi: एनडीआरएफ की टीम धुर्वा डैम पहुंची है. लापता युवती की तलाश करेगी. धुर्वा डैम में रविवार को प्रेम प्रसंग में एक युवती के कूदकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है. युवती का चप्पल और स्कूटी डैम के फाटक के पास से नगड़ी पुलिस ने बरामद किया है. घटना के संबंध में बताया गया कि युवती धुर्वा की रहनेवाली है और शनिवार की रात में ढाई बजे अपने घर से बिना किसी को कुछ बताए स्कूटी लेकर निकली थी. उसके घर से निकलने की जानकारी होते ही परिजन उसे आसपास खोजने लगे.
खोजते हुए जब वे डैम की ओर गए तो उन्हें युवती की चप्पल और स्कूटी खड़ी मिली. परिजन डैम में युवती द्वारा छलांग लगाने की आशंका से घबराकर धुर्वा थाना पहुंचे वहां उन्हें बताया गया कि मामला नगड़ी थाना का है. इसके बाद वे रविवार की सुबह साढ़े चार बजे नगड़ी थाना पहुंचे और घटना की जानकारी दी. पुलिस द्वारा एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई थी, परंतु वह शाम में डैम पहुंची. शाम में अंधेरा होने के कारण युवती की तलाश नहीं की गई थी. वह ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर घर में ही रहकर प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी.




