JharkhandLatehar

जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में भूमि विवाद की सबसे अधिक शिकायत पहुंची

Latehar : पुलिस महानिरीक्षक झारखंड रांची के द्वारा निर्गत आदेश के आलोक में महुआडांड़ अनुमंडल पुलिस कार्यालय में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. अनुमंडल पदाधिकारी रतन कुमार सिंह एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हिमांशु चंद्र मांझी की अध्यक्षता में अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत महुआडांड़ महिला थाना प्रभारी सुशीला तिर्की महुआडांड़ के थाना प्रभारी अवनीश कुमार, गारू थाना प्रभारी सोनू कुमार, बारेसाढ़ थाना प्रभारी अजीत कुमार, नेतरहाट थाना प्रभारी अरविंद हेरेंग इस दौरान उपस्थित रहे. जहां अनुमंडल अंतर्गत सभी थाना क्षेत्रों के दर्जनों फरियादी अपनी-अपनी फरियाद लेकर पहुंचे. मौके पर सबसे अधिक जमीन विवाद से जुड़े मामले सामने आए. जिस पर बारी बारी से सुनवाई करते हुए, विवाद को समझौते के माध्यम से निपटारा कराने का प्रयास किया गया. वहीं कई मामलों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए शिकायत दर्ज की गयी और उसकी रिसीविंग भी दी गई. वहीं प्रखंड अंतर्गत भूमि एवं सरकारी विभागों से निराश लोगों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए महुआडांड़ प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेन डांग, गारू प्रखंड के अंचल अधिकारी वीरेंद्र कुमार मिश्रा, महुआडांड़ अंचल निरीक्षक गौतम लकड़ा इस दौरान उपस्थित रहे.

अपनी शिकायत लेकर पहुंची 75 वर्षीय तर्शिला खलखो ने बताया की कई दिनों से अपने भूमि विवाद को लेकर परेशान हैं. सरकारी आदेश के बाद भी उनके जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है. जिसके खिलाफ आवेदन देने पहुंची हैं. जिस पर प्रशासन के द्वारा जल निपटारा कराने का भरोसा दिलाया गया है. वहीं इस कार्यक्रम में प्रखंड अंतर्गत ग्राम कुरो कला से 40 से 50 की संख्या में आवारा पशुओं से परेशान ग्रामवासी कार्यक्रम में पहुंचे जिन्होंने आवेदन देते हुए आवारा पशुओं द्वारा फसल की बर्बादी की समस्या बताते हुए इससे निजात दिलाने की मांग की. जिस पर प्रशासन के द्वारा हर संभव प्रयास किए जाने की बात कहीं गई. कार्यक्रम के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हिमांशु चंद्र मांझी ने बताया की अनुमंडल क्षेत्र की जनता के द्वारा जो भी जन शिकायतें हमें प्राप्त हो रही हैं उन्हें दर्ज करते हुए उनको रिसीविंग भी देने का कार्य किया जा रहा है. 3 हफ्तों में सभी शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक रूप से कार्य किया जाएगा. 3 हफ्तों के बाद मिली शिकायतों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा भी वर्गी पदाधिकारी के द्वारा की जाएगी. इस दौरान महुआडांड थाना से 16, गारू थाना से 1 एवं बारेसांढ़ थाना से 1 कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए. जिसमें जमीन विवाद से संबंधित 9, मारपीट से संबंधित 3 एवं विविध 6 कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए हैं. शिविर में प्राप्त सभी आवेदन की जांचोपरांत उचित कार्रवाई की जायेगी. शिविर में उपस्थित लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द निपटारा होगा.

Related Articles

Back to top button