JharkhandLead NewsRanchi

दस साल से लापता बालक को रेस्क्यू कर परिजनों को सौंपा गया

Ranchi : दस साल से लापता बालक को बुधवार को दिल्ली से रेस्क्यू कर रांची लाया गया. महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र नयी दिल्ली की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया. मानव तस्करी के शिकार 10 साल से लापता बालक के लिए त्वरित कार्यवाही करते हुए नई दिल्ली एवं हरियाणा में एक सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर बालक को रेस्क्यू किया गया. ज्ञात हो कि बालक 10 साल पहले जब मानव तस्करों द्वारा दिल्ली लाया गया था, तब उसकी उम्र लगभग 13 वर्ष थी. 10 वर्षों से परिवार से बालक का कोई भी संपर्क नहीं था. पिता द्वारा विगत कई सालों से खोजबीन करने पर भी बालक की कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी. जिसके बाद साहेबगंज जिले के बरहेट थाने में सनहा दर्ज था. कई सालों से झारखंड पुलिस द्वारा भी बालक की खोजबीन की गयी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद झारखंड भवन, नई दिल्ली को इस संदर्भ में 5 दिन पूर्व सूचना प्रदान की गयी. झारखंड भवन, नई दिल्ली की नोडल ऑफिसर नचिकेता द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए एक टीम का गठन किया गया. बालक के पिता द्वारा एक प्लेसमेंट एजेंसी वाले का मोबाइल नंबर दिया गया था. खोजबीन करने पर एजेंसी के मालिक ने बताया कि उसके द्वारा ही उस बच्चे को काम पर लगवाया गया था. बच्चे को जिस घर में काम पर लगवाया गया था, उस घर के मालिक के मोबाइल नंबर को ट्रैक करते हुए उसके ऑफिस पर जब रेस्क्यू टीम गई, तो पता चला कि मालिक द्वारा ऑफिस 2 से 3 साल पहले दूसरी जगह शिफ्ट कर लिया गया है. झारखंड भवन, नई दिल्ली द्वारा उक्त मालिक के पानीपत, हरियाणा एवं नई दिल्ली वाले आवास पर स्थानीय पुलिस एवं स्थानीय एनजीओ के सहयोग से संयुक्त रूप से छापेमारी की गई. वहां बच्चा नहीं मिला, लेकिन दिल्ली वाले आवास पर झारखंड का एक दूसरा 17 वर्षीय बालक मिला, जिससे घर एवं ऑफिस का काम करवाया जा रहा था. झारखंड भवन द्वारा उस बच्चे को रेस्क्यू करते हुए बच्चे की काउंसलिंग की गई और संबंधित स्थानीय पुलिस को सुपर्द करते हुए आगे की कार्यवाही करने का अनुरोध किया गया एवं उस परिवार को 10 वर्षों से गुमशुदा बच्चे को सुपर्द करने की सख्त हिदायत दी गई. 10 वर्षों से लापता हुए बालक को सकुशल उसके परिवार के पास झारखंड भेज दिया गया. इस रेस्क्यू ऑपरेशन में नई दिल्ली की स्थानीय एनजीओ मिशन मुक्ति फाउंडेशन के डायरेक्टर वीरेंद्र सिंह एवं रेस्क्यू फॉउंडेशन से अक्षय ने अहम भूमिका निभायी.

 

Related Articles

Back to top button