
Ranchi: लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने वाले हैं. रविवार की शाम वे पीएम पद की शपथ लेंगे. उनके साथ कई और मंत्रियों के भी शपथ लेने की उम्मीद है. खासकर झारखंड कोटे के मंत्रियों को लेकर सबों को जिज्ञासा है. सूचना के मुताबिक, कोडरमा सांसद और पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी का नाम तकरीबन तय है. इसके साथ ही रांची सांसद संजय सेठ का भी नाम सामने आ रहा है जो लगातार दूसरी बार भाजपा की टिकट पर सांसद बने हैं. इन दोनों के अलावा गिरिडीह के आजसू पार्टी सांसद सीपी चौधरी भी रेस में दिख रहे. वैसे कहा जा रहा है कि मोदी सरकार 3.0 में जिन लोगों को मंत्री बनाया जाना है, उन्हें फोन किया गया और पीएम आवास बुलाया गया है. इस लिस्ट में अन्नपूर्णा का नाम तय है. अन्नपूर्णा के बहाने एक महिला और ओबीसी समाज का प्रतिनिधित्व मिलने के फिगर को देखते हुए उन्हें मौका मिलने की बात कही जा रही है.
गौरतलब है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में झारखंड से भाजपा को 8 और उसके सहयोगी आजसू पार्टी को एक सीट पर जीत मिली है. पिछली बार (2009) भाजपा को 11 और आजसू पार्टी को एक सीट मिली थी. इस दौरान अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी को मोदी सरकार में जगह दी गयी थी. इस बार की लिस्ट में भी अन्नपूर्णा देवी का नाम तय माना जा रहा है जबकि संजय सेठ और सीपी चौधरी के नाम पर भी सहमति बन सकती है.




