OFFBEAT

राष्ट्रीय हथकरघा दिवसः हैंडलूम से मिलेगी भारत को नयी पहचान

डॉ. राजश्री जयंती

1905 में स्वदेशी आंदोलन की याद में प्रत्येक वर्ष 7 अगस्त को  ‘राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस’  मनाया जाता है. इस आंदोलन  ने जन -जन में स्वदेशी की  भावना को जगाया जिसमें हथकरघा बुन कर भी काफी संख्या में शामिल थे.

7 अगस्त 2024 को 9वां हैंडलूम-डे मनाया जा रहा है.

हथकरघा दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लघु और मध्यम उद्योग को बढ़ावा देना है. इसके अलावा यह दिन बुनकर समुदाय को सम्मानित करने, भारत के सामाजिक-आर्थिक विकास में उनके योगदान को सराहने के मकसद से  मनाया जाता है. यह बहुत जरूरी है कि हथकरघा से बनी चीजें देश- विदेश के कोने-कोने तक पहुंचे. इससे भारत को अलग पहचान तो मिलेगी ही साथ ही बुनकर समुदायों को भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा.

भारत सरकार ने वर्ष 2015 में हर साल 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया. पहला राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का उद्घाटन 7 अगस्त 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में किया था.

वहां संबोधन में उन्होंने कहा कि गांवों और जनजातीय इलाकों में हथकरघा क्षेत्र से जुड़े लोगों तक अतिरिक्त 1 लाख करोड़ रुपये पहुंचे हैं.  नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार  पिछले 5 वर्षों में 13.5 करोड़ लोगों के गरीबी के चंगुल से बाहर निकले हैं और ‘ वोकल फॉर लोकल’ की भावना के साथ देशवासी ऐसे  जुड़े कि  यह एक जन आंदोलन बन गया.

हथकरघा क्षेत्र हमारे देश की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, और हमारे देश के ग्रामीण  भागों में आजीविका का एक महत्वपूर्ण स्रोत है. यह महिला सशक्तिकरण के लिए  सशक्त माध्यम है क्योंकि इसमें 70% से अधिक बुनकर महिलाएं हैं.

पिछले 9 वर्षों में खादी के उत्पादन में 3 गुना से अधिक की वृद्धि हुई है. खादी कपड़ों की बिक्री में 5 गुना की वृद्धि हुई है और विदेशों में भी इसकी मांग बढ़ रही है. पीएम मोदी की  पेरिस यात्रा के दौरान जब  एक बड़े फैशन ब्रांड के सीईओ से मुलाकात हुई  तब उन्होंने  खादी और भारतीय हथकरघा के प्रति बढ़ते आकर्षण  के बारे में बताया.

प्रधानमंत्री ने बताया कि नौ साल पहले खादी और ग्रामोद्योग का कारोबार  सिर्फ 25-30 हजार करोड़ रुपये था, लेकिन आज यह एक लाख तीस हजार करोड़ रुपए से भी ज्यादा का हो गया है.

केंद्र सरकार हथकरघा  क्षेत्र से जुड़ी परंपराओं को जीवित रखने कीदिशा में प्रयासरत है. इसीलिए सरकार इस काम से जुड़े लोगों की शिक्षा, प्रशिक्षण और आय पर जोर दे रही है. बुनकरों के  बच्चों के कौशल प्रशिक्षण के लिए छात्रवृत्ति की योजना है. पिछले 9 वर्षों में 600 से अधिक हथकरघा क्लस्टर विकसित किए गए हैं और हजारों बुनकरों को प्रशिक्षित किया गया है. केंद्र सरकार बुनकरों के काम को

आसान बनाने, उनकी उत्पादकता बढ़ाने तथा गुणवत्ता  में सुधार लाने के लिए  कंप्यूटर संचालित पंचिंग मशीनें भी प्रदान की जा रही हैं जो नए डिजाइन बनाने में सक्षम बनाती है.

हथकरघा का भविष्य उज्ज्वल  नज़र आता है क्योंकि ‘एक जिला एक उत्पाद‘ योजना के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि हर जिले के विशेष उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने कहा, “ऐसे उत्पादों की बिक्री के लिए देश के रेलवे स्टेशनों पर विशेष स्टॉल भी निर्मित किये जा रहे हैं.”  मोदी  द्वारा गणमान्य व्यक्तियों को दिए जाने वाले विभिन्न उपहारों के बारे में, उन्होंने कहा कि इन उपहारों की न केवल उनके द्वारा सराहना की जाती है, बल्कि जब उन्हें इनके बनाने वालों के बारे में जानकारी मिलती है तो उन पर गहरा प्रभाव भी पड़ता है.

उन्होंने कहा कि दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत के एमएसएमई, बुनकरों के उत्पादों को दुनिया भर के बाजारों तक पहुंचाने के लिए आगे आ रही हैं.

इस दिन सरकारी और गैर सरकारी संस्थाएं हथकरघा समुदाय का सम्मान करते हैं क्योंकि वे सामाजिक-आर्थिक विकास में  योगदान तो देते ही हैं साथ ही हथकरघा विरासत की रक्षा करते  हैं और हथकरघा बुनकरों को  आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हैं .

यह दिवस  उनकी उत्कृष्ट शिल्पकला पर गर्व करने का दिन है.

(लेखिका भाजपा नेत्री, साहित्यकार व  जेआरजी बैंक की निदेशक हैं.)

Related Articles

Back to top button