
Ranchi: रविवार को झारखंड विधानसभा (पुराना) के समीप गाला बैंक्वेट हॉल में आर्ट ऑफ गिविंग के झारखंड इकाई की वार्षिक बैठक आयोजित की गई. इसमें सालभर में आर्ट ऑफ गिविंग के अंतगर्त किये गये सामाजिक कार्यों एवं 17 जून को पूरे राज्य में आयोजित आर्ट ऑफ गिविंग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के संबंध में वार्ता की गई. बैठक के दौरान आर्ट ऑफ गीविंग भुवनेश्वर की ओर से वीडियो के माध्यम से एक प्रस्तुति दी गयी. झारखण्ड शाखा के द्वारा पूरे राज्य में किये गये आयोजन के संबंध में निर्मित प्रस्तुति दी गई जिसकी हाॅल में उपस्थित सभी लोगों ने सराहना की. बैठक में शेखर बोस (सचिव आर्ट ऑफ गिविंग) झारखण्ड शाखा के द्वारा आगन्तुकों विशेषकर प्रो डाॅ0 अच्युता सामंता का झारखण्ड की सरजमीं पर स्वागत किया गया तथा इसे एक नया अध्याय बताया. इस दौरान समिति के अध्यक्ष सुबोधकांत सहाय ने किट, किस विश्वविद्यालय एवं आर्ट ऑफ गिविंग के संस्थापक अच्युत सामन्ता का स्वागत करते हुए उनके इस बैठक में भाग लेने को एक बड़ा दिन बताया. कहा कि इस वर्ष झारखंड शाखा के द्वारा आयोजित कायर्क्रमों के पश्चात झारखंड शाखा के सदस्यों का मनोबल बढा है. यही कारण है कि स्वयं प्रोफेसर अच्युता यहां उपस्थित हैं.
कायर्क्रम के प्रारम्भ में अच्युत का स्वागत झारखंड के पारंपरिक गीत एवं नृत्य से किया गया. झारखंडी बालाओं ने तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया. कार्यक्रम में आर्ट ऑफ गिविंग की झारखंड शाखा के द्वारा उन्हें समाज सेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्य के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. संबोधन में उन्होंने शेखर बोस, सुबोध कान्त सहाय, कायर्कारी अध्यक्ष-सुनील सहाय एवं ऑर्ट ऑफ गिविंग की झारखण्ड, शाखा के सभी सदस्यों को साधुवाद देते कहा कि उनकी सोच को इतनी ऊंचाई तक ले जाने का प्रयास इन सबों ने किया. इस अवसर पर उन्होंने अपने स्तर से झारखंड के गरीब बच्चों को निःशुल्क शिक्षा मुहैया कराने के लिए सतत प्रयास करने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर अच्युत सामंता के द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया. इस क्रम में झारखंड सीआईएसएफ के समादेष्टा हरेंद्र नारायण, पत्रकार सुरेंद्र सोरेन, सरदार इंद्रजीत सिंह, मानस सिन्हा, तापस चक्रवर्ती, डॉ0 मधुकांत पाठक, विश्वनाथ सिंह, भोलानाथ सिंह, डॉन बॉस्को स्कूल मैक्लुस्कीगंज के प्राचार्य टीडी जोशी, जगदीश सिंह जग्गू, निर्मल कृष्ण देव, प्रमोद कुमार एवं मारवाड़ी सहायक समिति को खेल एवं समाज कल्याण हेतु किये कार्य के लिये लाईफ टाईम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया. बैठक में किट, किस विश्वविद्यालय एवं आर्ट ऑफ गिविंग के संस्थापक के अलावा इसके समन्वयक डॉक्टर गगनेंदु दास सहित झारखंड वालीबाल संघ एवं झारखंड आर्ट ऑफ गिविंग, झारखंड शाखा के सभी पदाधिकारी एवं अन्य लोग भी उपस्थित रहे.




