
Ranchi: सहायक पुलिसकर्मी से असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मुलाकात की. सीएम आवास के पास पुलिस और सहायक पुलिसकर्मियों के बीच हुई झड़प में घायल सहायक पुलिसकर्मियों को देखने असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा शनिवार को रिम्स पहुंचे. सीएम ने सभी घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टर को बेहतर तरीके से इलाज करने का निर्देश दिया. सीएम ने कहा कि सहायक पुलिसकर्मियों की स्थिति बहुत खराब है. उन्हें न तो बैलेट पेपर से वोट देने का अधिकार है और न ही मृत्यु के बाद किसी तरह की सुविधा. असम के सीएम के मुताबिक झारखंड की हेमंत सरकार को इस मुद्दे को आपस में बैठकर सुलझाना चाहिए न कि लड़ाई करके.
आपको बता दें कि कल सीएम आवास जा रहे आंदोलनरत सहायक पुलिसकर्मियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया. सुरक्षा घेरा तोड़ने के बाद सहायक पुलिसकर्मी अलग-अलग रास्तों से सीएम आवास घेराव के लिए पहुंचने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. इससे पहले मोरहाबादी में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर बैठे सहायक पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा घेरा तोड़ दिया. इसके बाद सभी मुख्यमंत्री आवास की ओर जा रहे थे. हालांकि पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बेरीकेडिंग कर रखी थी. वहीं भारी संख्या में जवानों को लगाया गया था. इसके बावजूद सहायक पुलिसकर्मी सुरक्षा घेरा तोड़ने में सफल रहे. इससे पहले मोरहाबादी मैदान में आंदोलनरत सहायक पुलिसकर्मियों से राज्य सरकार के प्रतिनिधि ने वार्ता की.
वहीं उनकी शर्तें को मानते हुए 1 वर्ष अनुबंध की अवधि को बढ़ाया है. इसके अलावा पुलिस बहाली में भी आरक्षण देने की बात कही गई.




