
Ranchi: केंद्रीय मंत्री और रांची सांसद संजय सेठ ने रविवार को रांची रेल मंडल में चल रही रेल परियोजनाओं की समीक्षा की. इस दौरान प्रमुख रूप से उनके साथ हटिया विधायक नवीन जायसवाल, मंडल रेल प्रबंधक जसमीत सिंह बिंद्रा सहित अन्य भी मौजूद रहे. मंत्री ने रेल अधिकारियों से रांची, हटिया, नामकुम, टाटीसिल्वे, गंगाघाट, मुरी, सिल्ली और पिस्का स्टेशन के उन्नयन कार्य की जानकारी ली. इस दौरान रांची रेलवे स्टेशन पर चल रहे उन्नयन कार्य का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

समीक्षा बैठक में नगड़ी, नयासराय, हटिया पुलिस मुख्यालय के समीप निर्माणाधीन ROB की गति प्रगति की रिपोर्ट और नामकुम अंडरपास पर चर्चा हुई. केतारी बगान ओवर ब्रिज निर्माण को लेकर हुई कार्यवाही, सिरमटोली फ्लाई ओवर निर्माण में आ रही समस्या और उसके समाधान पर भी बातचीत हुई. सिल्ली में बांसारूली के समीप बनने वाले अंडर पास पर चर्चा और इलू रेल लाइन के प्रस्ताव पर हुई गति प्रगति की जानकारी मंत्री ने ली.
रेलवे जंक्शन मुरी से बिसरिया गांव तक सड़क निर्माण की दिशा में अब तक हुई कार्रवाई पर चर्चा की गयी. इसमें तेजी लाने का निर्देश मंत्री ने दिया. कडरू, सेंबरटोली के समीप अंडरपास निर्माण के दौरान रास्ता बंद होने से आदिवासी परिवारों को हो रही समस्या पर चर्चा करते इसका समाधान करने को डीआरएम, रांची रेल मंडल को कहा गया.




