JharkhandRanchi

कमांड सेंटर के माध्यम से शहर की निगरानी का बढ़ेगा दायरा, नगर विकास सचिव ने निरीक्षण के दौरान दिये निर्देश

Ranchi: रांची स्मार्ट सिटी की महत्वाकांक्षी परियोजना कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर को सरकार और भी ज्यादा जन उपयोगी बनाना चाह रही है, इसी क्रम में राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अरवा राजकमल ने जुपमी भवन स्थित कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर का निरीक्षण किया और रांची स्मार्ट सिटी के पदाधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिया.

सचिव ने कहा कि यहां पर अत्याधुनिक तकनीकी से लैस इक्विपमेंट लगे हुए हैं इसका अधिक से अधिक उपयोग होना चाहिए ताकि जनता को सीधे इसका लाभ मिल सके. उन्होंने कमांड सेंटर से संचालित हो रही स्वचालित ट्रैफिक सिग्नल्स, पीए सिस्टम, वीएमएसबी, स्पीड वायलेशन डिटेक्टर, रेड लाइट वॉयलेशन डिटेक्टर, ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन और ऑनलाइन चालान की जानकारी ली.

सचिव द्वारा दिए गए मुख्य निर्देश इस प्रकार हैं

मानसून के दौरान शहर में वॉटर लॉगिंग की हो निगरानी

निरीक्षण के क्रम में विभागीय सचिव ने कहा कि बरसात के दौरान नगर निगम क्षेत्र में कई जगह से वॉटर लॉगिंग की शिकायत आती है वैसे में हमारे कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर से ऐसी जगह को चिन्हित कर उस पर क्लोज मॉनिटरिंग रखा जाए और जल जमाव की कोई भी समस्या होती है तो तुरंत रांची नगर निगम की टीम को सूचित किया जाए ताकि जल्द से जल्द उसका निदान हो सके और नागरिकों को कोई परेशानी ना हो.

सड़क दुर्घटनाओं पर भी रहे विशेष नजर

नगर विकास सचिव ने डेमो के माध्यम से जब स्पीड वायलेशन डिटेक्टर के मामलों को देखा और उन पर कैसे कार्यवाही होती है इसकी जानकारी ली उसके बाद कहा कि रांची शहर में हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर भी नजर रखी जाए और अगर कोई सड़क दुर्घटना की जानकारी कैमरा या अन्य इक्विपमेंट के माध्यम से हमारे कमांड सेंटर को पता चलती है तो तुरंत संबंधित थाना या स्वास्थ्य विभाग की एजेंसी को सूचित किया जाए ताकि लोगों को त्वरित मदद पहुंचाई जा सके। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भी मदद ली जा सकती है.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से रियल टाइम में निर्गत हो चालान

रांची स्मार्ट सिटी के प्रबंध निदेशक सह अध्यक्ष तथा नगर विकास विभाग के सचिव अरवा राजकमल ने स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर से निर्गत हो रहे ऑनलाइन चालान की भी जानकारी लिया. उन्होंने कहा कि ऑनलाइन चालान की पेंडेंसी का त्वरित निष्पादन करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से कोशिश किया जाए की वायलेशन के केस में जो भी चालान निर्गत हो रहे हैं वह रियल टाइम में निर्गत हो.

कमांड सेंटर से होती है निगरानी

आपको बताना चाहेंगे कि स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर के माध्यम से ही शहर की पूरी ट्रैफिक व्यवस्था ऑनलाइन सुचारू रूप से संचालित हो रही है. इसके साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन पर ऑनलाइन चालान भी निर्गत किया जाता है। शहर में आने वाली हर वाहन पर निगरानी रखी जाती है. 1000 से ज्यादा कैमरे के माध्यम से पूरे शहर पर क्राइम कंट्रोल के मद्देनजर निगरानी रखी जाती है.

इन संसाधनों के माध्यम से पुलिस को भी घटनाओं के उद्वेदन या घटनाओं को रोकने में मदद मिलती है. राज्य सरकार तथा केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जन उपयोगी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को आसान बनाने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम और वेरिएबल मैसेज साइन बोर्ड का उपयोग किया जा रहा है. इसके साथ ही शहर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने में भी कमांड कंट्रोल की मदद ली जाती है और यहां से नगर निगम के कर्मी निगरानी रखते है.

यह भी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान रांची स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक तकनीकी राकेश कुमार नंदकुलियार ने सचिव को कमांड सेंटर की विस्तृत जानकारी दी. इस मौके पर पीआरओ अमित कुमार, सचिव के ओ एस डी विजय कुमार, प्रबंधक उत्कर्ष कुमार, अंजनी दुबे, जुडको के आशुतोष  सिंह, हनीवेल ऑटोमेशन इंडिया लिमिटेड के अतुल अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.

Related Articles

Back to top button