
Jamshedpur : लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर पांचवे चरण का मतदान 20 मई को होगा. देश में पांचवे चरण के लिए चुनाव प्रचार शुरू हो चुका है. पांचवे चरण में 8 राज्यों में से 49 सीटों के लिए मतदान होगा. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड के जमशेदपुर दौरे पर पहुंचे हैं. यहां जमशेदपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साझा किया और एक विशाल रैली को संबोधित किया. पीएम मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जमशेदपुर में 4 जून को क्या परिणाम आने वाला है. यह आपका उत्साह बता रहा है. उन्होंने कहा कि मैं बहुत सालों तक भाजपा के संगठन का काम करता रहा हूं. कोई मुझे कहे कि चुनावी रैली है, सुबह 10-11 बजे रख लो, मैं हाथ जोड़कर कहता रहता था कि इतनी सुबह कौन आएगा, रहने दो. मैं कहता रहता था कि 1-2 बजे रख दो. मैं जानता हूं कि इतनी सुबह इतनी बड़ी रैली करना लोहे के चबाने जैसा हाल होता है. लेकिन आज सुबह-सुबह जमशेदपुर में मैं जनजागृति का नया पर्व देख रहा हूं.
राजद, कांग्रेस, झामुमो ने हर मौके पर लूटा
उन्होंने कहा, “इनकी सच्चाई पूरा देश जान गया है. इसलिए पूरा हिंदुस्तान कह रहा है, फिर एक बार, मोदी सरकार. कांग्रेस और झामुमो और राजद जैसी पार्टियों ने हमारे झारखंड को हर मौके पर लूटा है. कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है. कांग्रेस ने अनगिनत घोटालों में लूट के रिकॉर्ड बनाए. राजद को देखिए नौकरी के बदले, गरीब से जो बेचारा दो टाइम की रोटी के लिए नौकरी तलाशता था, ऐसे गरीब की जमीन लिखवा ली. जमीन भी छीन ली गरीब की. बदले में नौकरी का वादा किया. झामुमों ने वही आदतें, वही चरित्र कांग्रेस और राजद से सीखा है.” पीएम मोदी ने कहा कि इनके घरों से जो नोटों के पहाड़ बरामद हुए हैं वो पैसे हैं किसके? ये पैसा आपका है, आप हैं इन पैसों के मालिक. भोले-भाले मेरा आदिवासी, दलितों भाई-बहनों का यह पैसा है जो इन्होंने लूटा है.
गरीबों तक पहुंचाऊंगा लूट का पैसा
पीएम मोदी ने आगे कहा कि ये लोग अपनी काली कमाई में से एक भी रूपया देते क्या. ये लूट करते हैं तो कहते हैं कि अरे भाई अरबों खरबों लूट लेंगे और वकील को क्या है जो चाहिए दे देंगे और फिर अदालत से निकल जाएंगे. फिर तो मौज ही मौज है. यानी वकील के लिए भी चोरी का पैसा. मोदी इन बेइमानों की ठिकानों से पैसा बरामद करवा रहा है. उन्होंने कहा कि नोटों का पहाड़ जो मैं पकड़ रहा हूं, मैं गारंटी देता हूं इसे सरकार की तिजोरी में ले जाने के लिए नहीं कर रहा हूं. मैं खोजूंगा कि ये पैसे किसके थे, क्यों देना पड़ा और कैसे दिया था. जब ये पक्का हो जाएगा कि ये पैसे किसके हैं तो उन सब गरीबों को ये पैसे उनको लौटा दूंगा.
शहजादे की भाषा नक्सलियों वाली है
पीएम मोदी ने कहा कि शहजादे की भाषा पूरी तरह नक्सली और माओवादी भाषा है. नक्सली भी बिना रंगदारी लिए किसी कारोबारी को काम नहीं करने देते हैं। आज मोदी ने नक्सलियों की कमर तोड़ दी है. आज रंगदारी की जिम्मेदारी कांग्रेस और झामुमों ने उठा ली है. पीएम मोदी ने कहा कि गरीब मां का बेटा हूं, गरीबी क्या होता है जानता हूं. 10 सालों में लगभग 25 करोड़ गरीबों को गरीबी से बाहर निकालकर आया हूं. मोदी ने 52 करोड़ देशवासियों के जनधन खाते खोले, उनके लिए बैंक के दरवाजे खोले. 4 करोड़ गरीबों को मोदी ने पक्का घर बनाकर दिया है. आजादी के इतिहास के बाद यह बहुत बड़ी घटना है. कांग्रेस सरकार में देश के 18000 गांवों में बिजली नहीं थी. देश के हर गांव में बिजली पहुंचाने का काम मोदी ने किया है. मोदी है तो हर घर नल से जल पहुंचाने में जुटा है.
पीएम मोदी बोले- पहले मतदान, फिर जलपान
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आदिवासी समाज का सामूहिक नरसंहार किया आदिवासी समाज ने आजादी की लड़ाई में कितना योगदान दिया. भाजपा सत्ता में आई और आदिवासी गौरव का काम किया. हमने बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजाति गौरव दिवस मनाने का काम किया. पहली बार आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू जी को देश का राष्ट्रपति हमने बनाया. कांग्रेस ने द्रौपदी मुर्मू को भी चुनाव में हराने में कोई कसर नहीं छोड़ी. बाबा साहब अंबेडकर धर्म के आधार पर आरक्षण देने के खिलाफ थे. लेकिन इंडी गठबंधन वाले धर्म के आधार पर पूरा आरक्षण मुस्लिमों को देने की बात करते हैं. मैं चुनौती देता हूं कि वे एसटी, एसटी, ओबीसी का आरक्षण नहीं छीनेंगे और मुसलमानों को नहीं देंगे ये लिखकर दें. उन्होंने कहा कि 25 मई को आपका एक वोट झारखंड और देश का भाग्य तय करेगा. भाजपा ने जमशेदपुर से विद्युत बरन महतो को चुना है. आप इनके लिए कमल का बटन दबाएंगे. जब आप कमल का बटन दबाएंगे तो आपका सीधा वोट मोदी को मिलेगा. आप ज्यादा से ज्यादा मतदान कराएंगे. पहले मतदान फिर जलपान ये करना होगा आपको.




