GiridihJharkhandLead NewsRanchi

नाम वापसी के बाद पांचवें चरण के चुनाव के लिए मैदान में बचे 54 प्रत्याशी, गांडेय विधानसभा उपचुनाव में 11 उम्मीदवार आजमाएंगे भाग्य

Giridih: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि पांचवें चरण के चुनाव के लिए नाम वापसी के बाद 54 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं. नाम वापसी के अंतिम दिन चतरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से एक उम्मीदवार ने अपना नाम वापस लिया. यहां चुनाव मैदान में अब कुल 22 उम्मीदवार हैं. कोडरमा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से दो उम्मीदवार चुनाव मैदान से हट गए हैं. अब यहां 15 प्रत्याशियों के बीच हार-जीत का फैसला होगा. वहीं हजारीबाग लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया है. यहां कुल 17 प्रत्याशी मैदान में हैं. गाण्डेय विधानसभा उपचुनाव में भी नाम वापसी के अंतिम दिन किसी भी उम्मीदवार ने अपनी उम्मीदवारी वापस नहीं ली. यहां से कुल 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. छठे चरण के चुनाव के लिए अब तक 118 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है. उसमें गिरिडीह लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से 25, धनबाद से 28, रांची से 33 और जमशेदपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से 32 प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सोमवार को निर्वाचन सदन, धुर्वा में पत्रकार वार्ता कर रहे थे. बताया कि चुनाव की अधिसूचना के बाद से अब तक झारखंड में 74 करोड़ 38 लाख से अधिक के सामान और नकदी जब्त किये गये हैं. एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि चुनाव कार्य के लिए वाहनों की कोई कमी नहीं है. आवश्यकतानुसार सहजता से वाहन मिल रहे हैं. चुनाव कार्य के लिए वाहन लेने में गाड़ी मालिकों के हित का भी ध्यान रखा जा रहा है. व्यवस्था ऐसी की गयी है कि एक जिला में जिस वाहन को लेने के लिए चिह्नित किया गया है, उसे दूसरे जिले में चिह्नित नहीं किया जाएगा. गाड़ी मालिकों को गाड़ी का भाड़ा भी ससमय मिले, इसकी भी डिजिटल व्यवस्था की गयी है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अपील करते हुए कहा कि सभी मतदाता लोकसभा आम निर्वाचन 2024 में स्वीप कार्यक्रम के तहत 7 मई को संध्या 6 से 8 बजे के बीच सोशल मीडिया हैंडल पर #MainBhiElectionAmbassador हैशटैग के साथ लोकसभा चुनाव संबंधी कंटेंट पोस्ट करें. उन्होंने सभी से चुनाव से संबंधित अच्छे-अच्छे फोटो, वीडियो, टेक्स्ट आदि सामग्री पोस्ट करने की बात कही. उन्होंने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर से भी अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का हिस्सा बनने की अपील की.

गिरिडीह डीसी सह निर्वाची पदाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा और गांडेय उपचुनाव के सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी ने प्रेसवार्ता किया. उन्होंने बताया कि कोडरमा लोस से अब 15 प्रत्याशी तो गांडेय से 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है. सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया गया है. भाजप से अन्नपूर्णा देवी,  इंडि गठबंधन से बगोदर विधायक विनोद सिंह, निर्दलीय प्रत्याशी जयप्रकाश वर्मा, बसपा से सीटन रविदास, बहुजन मुक्ति पार्टी से जयनारायण दास, लोकहित अधिकार पार्टी से अखिलेशवर साहु, मूलनिवासी समाज पार्टी से अजय कृष्णा, राईट टू रिकॉल पार्टी से आशीष कुमार और निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में जीतलाल किस्कू, मनोज कुमार, राजेश, रामेश्वर प्रसाद यादव, मो. सागीर, शहादत अंसारी और सुरेन्द्र कुमार अग्रवाल शामिल है.

जबकि गांडेय उपचुनाव से ही चुनाव मैदान में मौजूद 11 प्रत्याशियों में एआईएमएआईएम के इतेंखाब अंसारी, राष्ट्रीय समानता दल के के ताहिर अंसारी, भाजपा के दिलीप वर्मा, झामुमो की कल्पना सोरेन, निर्दलीय प्रत्याशी अर्जुन बैठा, अवद्येश सिंह, मो. कौशर आजाद, मो. सब्बीर अंसारी, शहादत अंसारी, और सईद आलम शामिल है. इधर डीसी ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पूरे कोडरमा लोस में कुल 22 लाख 5 हजार 318 वोटर है. प्रेसवार्ता में उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतो और जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती भी मौजूद थी.

इसे भी पढ़ें: चंद्र प्रकाश चौधरी ने गिरिडीह सीट के लिए दाखिल किया नामांकन, सम्राट चौधरी, बाबूलाल, सुदेश महतो, लंबोदर भी रहे मौजूद

Related Articles

Back to top button