
Ranchi: सड़क, परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार ने नेशनल हाईवे में किए गये अतिक्रमणों को हटाने का निर्देश झारखंड सहित सभी राज्यों को दिया है. यह कहा कि एनएच पर अवैध तरीके से किए गये अतिक्रमण को हटाने के लिए उचित कार्रवाई करें. केंद्र ने इसके लिए कंट्रोल ऑफ नेशनल हाईवे लैंड एंड ट्रैफिक एक्ट 2002 के धाराओं का प्रयोग करते हुए कार्रवाई करने को कहा है.
इसे भी पढ़ें- पीएम जनमन: बैच दो से 69.70 करोड़ की लागत से बनेंगे 23 रोड
इस संबंध में झारखंड के एनएच के आरओ, परियोजना निदेशक, चीफ इंजीनियर एनएच सहित सभी इंजीनियरों को पत्र लिखा गया है. केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय ने नेशनल हाईवे पर लगातार निरीक्षण करने को कहा है. इस दौरान किए गये अतिक्रमण सहित सड़क निर्माण कार्य और रख-रखाव का भी नियमित अनुश्रवण करने को कहा है. इसके लिए मुख्यालय के अधिकारियों सहित सभी फील्ड के अफसर-इंजीनियरों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गये हैं. मंत्रालय ने सड़कों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया है.
बना देते हैं अस्थायी दुकान
नेशनल हाईवे में अक्सर यह देखा जाता है कि अस्थायी रूप से दुकानों का निर्माण करा दिया जाता है. कई जगह सड़क किनारे भी लोग बस जाते है जबकि यह हाईवे की जमीन होती है. सड़क किनारे अतिक्रमण होने से वाहनों क आवागमन में भी परेशानी होती है. खास-तौर से शहरों से सटे एनएच में अधिक दिक्कत होती है.




