1st Lead

तमिलनाडु : एक ट्रक से लगभग 1,000 करोड़ मूल्य का 1,425 किलो सोना जब्त

Chennai: चुनाव से पहले यहां एक बड़ी जब्ती हुई है. चुनाव आयोग (ईसी) के फ्लाइंग स्क्वाड ने तमिलनाडु में एक ट्रक से लगभग 1,000 करोड़ रुपये मूल्य का 1,425 किलोग्राम सोना जब्त किया है. ईसी फ्लाइंग स्क्वाड के अधिकारियों ने कुंद्राथुर के पास वंडालूर-मिजिनूर आउटर रिंग रोड पर एक ट्रक और कार को रोका, ट्रक की जांच के दौरान डिब्बों में सोना होने का पता चला.

ट्रक के पीछे चल रही कार में सवार लोगों ने अधिकारियों को बताया कि उनके पास सभी कागजात हैं और सोना श्रीपेरंबदूर की एक फर्म में ले जाया जा रहा है. हालांकि, ईसी फ्लाइंग स्क्वाड के अधिकारी पेश किए गए दस्तावेजों से संतुष्ट नहीं थे और ट्रक के साथ-साथ उन्‍होंने कार को भी रोक लिया.

सूत्रों के अनुसार, दोनों वाहनों को श्रीपेरंबुदूर राजस्व कार्यालय ले जाया गया. कांचीपुरम जिला राजस्व अधिकारी और आयकर अधिकारी जब्त किए गए सोने की सही कीमत का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. शुरुआत में लगभग 1,000 करोड़ रुपये का अनुमान लगाया गया था. चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है.

तमिलनाडु और पुडुचेरी में 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में एक सप्ताह से भी कम समय बचा है, इसलिए चुनाव आयोग ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है और वाहनों की जांच भी तेज कर दी है.

 

Related Articles

Back to top button