
RanchI: रांची स्थित झारखण्ड केंदीय विश्वविद्यालय (CUJ) अपना तृतीय दीक्षांत समारोह का आयोजन 28 फरवरी को करेगा. इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी यहां आयेंगी. वह विश्वविद्यालय परिसर में दिन के 12 बजे से 1 बजे तक समारोह में शिरकत करेंगी तथा विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करेंगी. आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के सत्र 2016-21 (पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स) तथा सत्र 2019-21 व सत्र 2020- 22 (दो वर्षीय कोर्स) के 778 विद्यार्थियों को डिग्री दी जायेगी. 25 पीएचडी धारी को भी डिग्री दी जायेगी. 64 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल तथा तीन विद्यार्थियों को चांसलर मेडल दिये जायेंगे. 64 गोल्ड मेडल में लगभग 35 लड़कियां शामिल हैं.
जारी किया गया ड्रेस कोड
दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए ड्रेस कोड को अनिवार्य किया गया है. भारतीय परिधान को प्राथमिकता देते हुए विश्वविद्यालय ने ड्रेस कोड का निर्धारण किया है. परीक्षा नियंत्रक के द्वारा जारी पत्र के अंतर्गत प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले में छात्राओं को सफ़ेद सलवार-सूट एवं छात्रों के लिए सफ़ेद कुर्ता-पायजामा पहनकर आना निर्धारित किया गया है. वहीँ, एकेडेमिक काउंसिल एवं एग्जीक्यूटिव काउंसिल के सदस्य के पुरुष सदस्यों के लिए क्रीम रंग का कुर्ता एवं सफ़ेद रंग का पायजामा तथा महिला सदस्यों के लिए क्रीम रंग की साड़ी को ड्रेस के तौर पर अनिवार्य किया गया है. समारोह में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों, एकेडेमिक एवं एग्जीक्यूटिव काउंसिल के सदस्यों को खादी का उत्तरीय तथा शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों को सिल्क का उत्तरीय विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान किया जायेगा. इधर, दीक्षांत समारोह को लेकर विवि में तैयारी जोर-शोर से जारी है. समारोह को सफलता पूर्वक आयोजित करने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा गठित विभिन्न समितियों के पूर्व से ही अपनी जरूरी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं.




