Education & CareerJharkhandRanchi

झारखंड के वीर शहीद हमारे आज के रोल मॉडलः डॉ एसएम अब्बास

Ranchi : डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय रांची के जनजाति एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग में वीर बुधु भगत की जयंती मनायी गयी. इस कार्यक्रम में विभाग के डॉ विनोद कुमार एवं कुड़माली भाषा विभाग के अध्यक्ष डॉ पीपी महतो के द्वारा वीर बुधु भगत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया गया और संथाली विभाग के छात्रों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकाय अध्यक्ष (DSW) डॉ एसएम अब्बास ने वीर बुधु भगत के बलिदान पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि झारखंड के वीर शहीद हमारे आज के रोल मॉडल हैं. इनके बताये मार्ग पर हमें चलना चाहिए क्योंकि ये जल, जंगल, जमीन के लिए अंग्रेजों, साहूकारों एवं महाजनों से लड़े और अपनी सभ्यता संस्कृति की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया.

डॉ विनोद कुमार ने झारखंड के महापुरुष बुधु भगत के बारे विस्तृत जानकारी छात्रों को दी. उन्होंने कहा कि हमारे वीर महापुरुषों ने बल से ज्यादा बुद्धि का प्रयोग किया और अपने अधिकार को बरक़रार रखा.

डॉ पीपी महतो ने कहा कि आज हम स्वतंत्र हैं तो इसका सारा श्रेय झारखंड के वीर महापुरुषों को जाता है, जिन्होंने स्वतन्त्रता के लिए अपना बलिदान दिया.

कार्यक्रम का मंच संचालक डॉ युगेश कुमार महतो ने किया. इस कार्यक्रम में विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ डुमिनी माई मुर्मू, डॉ सीता उरांव, डॉ दशमी ओरेया, डॉ मालती वागीसा, लक्ष्मीकांत प्रमाणिक, सुनीता, शांति, सुशीला, संतोष कुमार मुर्मू, एवं रिसर्च स्कॉलर अशोक, रूपेश, राजेश, प्रवीण ,धनेश्वर आदि उपस्थित थे. धन्यवाद ज्ञापन डॉ सीता कुमारी उरांव द्वारा किया गया.

इसे भी पढ़ें – कांग्रेस के नाराज विधायकों को मनाने पहुंचे बसंत सोरेन

Related Articles

Back to top button