
Palamu: पुलिस को बाइक लूट कांड के अनुसंधान के क्रम में बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने लूटी गई एक बाइक को बरामद करते हुए घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल समेत कल 9 मोटरसाइकिलें बरामद की है. साथ ही दो कांडों का उदभेदन कर दिया. वारदात को अंजाम देने वाले तीन लुटेरे पकड़े गए हैं.
जिले की एसपी रीष्मा रमेशन ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में बताया कि 27 जनवरी को जिले के पाण्डू थाना क्षेत्र के बनवारी मोड़ के पास तीन अज्ञात लुटेरों ने गढवा के चिरौजिया के सुदामा बैठा पिता लक्ष्मण बैठा की बाइक लूट ली थी. सुदामा अपने बेटे का रिश्ता तय कर रतनाग से वापस अपने घर लौट रहे थे. पीछा करके मोटरसाईकिल एवं मोबाईल फोन को डंडा से मारपीट कर लूट ली गई थी. अनुसंधान के क्रम में गुप्त सूचना मिली कि इस घटना को रतनाग के कुछ युवकों ने अंजाम दिया है.

छापामारी में सोनू सिंह को पकड़ा गया, जिसके घर से एक अन्य बिना नंबर की स्प्लेंण्डर प्लस मोटरसाईकिल बरामद की गई, जिसका कोई कागजात उसके पास नहीं था. सोनू सिंह लूट की घटना के शामिल अपने एक अन्य साथी का नाम संतोष रजक बताया, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिससे यह बात सामने आई कि संतोष रजक सुदामा रजक के गोतिया परिवार से आता है. संतोष रजक का अपने गोतिया से हमेशा विवाद रहता है. इसी कारण बदला लेने के लिए संतोष ने दहेज में दी जानी वाली बाइक लूट ली थी, ताकि लडकी की शादी टूट जाए.
गिरफ्तार लुटेरों में सोनू सिंह उम्र करीब 21 वर्ष पिता मुरारी सिंह ग्राम रतनाग, संतोष रजक उम्र करीब 20 वर्ष पिता शिवनाथ बैठा ग्राम रतनाग एवं एक अन्य शामिल है. इस कांड का तीसरा आरोपी फरार है.
इसी तरह पांडू थाना क्षेत्र के ही गोलपा इलाके से विकास कुमार पिता विजय भुइयां द्वारा चोरी की मोटरसाइकिल बेचे जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई और विकास की निशानदेही उसके घर से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें बरामद की गई.एसपी ने बताया कि सारी मोटरसाइकिल है जपला नौडीहा बाजार और लठैया इलाके के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई थी.
छापामारी दल में पांडू थाना प्रभारी राहुल गुप्ता, पु०अ०नि० पप्पू कुमार मेहता, जवान धर्मेन्द्र पासवान, सतेन्द्र कुमार मेहता, पारसनाथ चौधरी, रामजश यादव, उपेन्द्र राम,अनिल कुमार सिंह शामिल थे.




