
Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया है. 7 घंटे चली पूछताछ के बाद ईडी ने उन्हें हिरासत में ले लिया. ईडी अधिकारियों के साथ ही वह राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया. राज्यपाल ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है.
जमीन फर्जीवाड़ा मामले में इससे पूर्व 20 जनवरी को सीएम से ईडी ने करीब सात घंटे पूछताछ की थी. सीएम सोरेन को ईडी की तरफ से आठवीं बार समन जारी किया गया था. ईडी के अधिकारियों ने उन्हें समय और तारीख दोनों बताने का ऑफर दिया था ताकि उनसे पूछताछ की जा सके. सीएम ने आठवां समन भेजे जाने के बाद पूछताछ के लिए सहमति दी थी. इसके बाद ईडी ने जमीन घोटाले में पूछताछ के लिए एक बार फिर सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिख कर 27 से 31 जनवरी के बीच पूछताछ के लिए तिथि, समय और स्थान बताने को कहा. इसके बाद सीएम ने 31 जनवरी को पूछताछ के लिए सहमति दी थी.
इसे भी पढ़ें – दिल्ली में छापेमारी को लेकर ईडी के अधिकारियों पर रांची के एससीएसटी थाने में प्राथमिकी दर्ज
सीएम के दिल्ली आवास से ईडी ने बरामद किया था बीएमडब्ल्यू और 35 लाख रुपये
ईडी ने 29 जनवरी को सीएम हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित आवास पर छापेमारी की थी. करीब 13 घंटे चली इस छापेमारी में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के आवास से बीएमडब्ल्यू कार और 35 लाख रुपये नकद सहित दस्तावेज बरामद किया था. ईडी की टीम जमीन घोटाले में हुई कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए हेमंत सोरेन के बंगले पर पहुंची थी. हालांकि सीएम नहीं मिले.
इसे भी पढ़ें – रांची में सीएम आवास के बाहर बढ़ी हलचल, तीन छोटी बसों से महागठबंधन के विधायकों को शिफ्ट करने की तैयारी
इन वजहों से सीएम पर ईडी ने कसा शिकंजा
अवैध तरीके से जमीन खरीद-फरोख्त के मामले में झारखंड, बंगाल व बिहार के 22 ठिकानों पर 13 अप्रैल 2023 को ईडी ने छापेमारी की थी. दूसरे दिन जारी इस छापेमारी में हिरासत में लिये गये 7 आरोपितों बड़गाईं अंचल का अंचलाधिकारी भानु प्रताप प्रसाद, फर्जी कागजात तैयार करनेवाले अफसर अली, सद्दाम, इम्तियाज अहमद, तल्हा खान, प्रदीप बागची व फैयाज खान को ईडी ने गिरफ्तार किया था. छापेमारी के दौरान सेना के कब्जे वाली जमीन के मूल कागजात को भी ईडी ने जब्त कर पुराने व नये कागजात की फोरेंसिक जांच करायी तो पता चला कि जमीन के कागजात में हेराफेरी कर रैयत के नाम में भी फेरबदल किया गया है. बड़गाईं अंचल के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद के आवास और मोबाइल फोन से बरामद दस्तावेज बरामद हुए थे. इन दस्तावेज की छानबीन और उनसे जुड़े तथ्यों के सत्यापन को लेकर ईडी सीएम हेमंत सोरेन से पूछताछ कर रही है. जमीन घोटाले के मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी अब तक 236 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को कुर्क कर चुकी है.
इसे भी पढ़ें – सीएम आवास, राजभवन और ईडी कार्यालय के पास अगले आदेश तक धारा 144 लागू
विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सीएम हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद की परिस्थितियों को देखते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था न बिगड़े इसको लेकर वित्त विभाग के सचिव की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है. कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पूरे राज्य में सुरक्षा के लिए 7,000 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है. सीएम आवास, राजभवन और ईडी कार्यालय के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लगा दिया गया है.



