ChaibasaNEWS

चक्रधरपुर में बंद रेलवे क्वार्टर का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण और नगदी की चोरी

Chakradharpur: रेल नगरी चक्रधरपुर में अज्ञात चोरों ने रेलवे आरई कॉलोनी स्थित ई ब्लाक में एक क्वार्टर का ताला तोड़कर लाखों का सोना और 70 हजार रूपये नगदी व अन्य कीमती सामानों की चोरी कर ली. बताया जा रहा है कि क्वार्टर संख्या ई 134 /2 निवासी शत्रुघ्न शर्मा चक्रधरपुर रेल मंडल गैंगमेन (इंजीनियरिंग विभाग) मुख्यालय में कार्यरत हैं.

शनिवार शाम अपने बेटे का जन्मदिन मनाने वह सपरिवार जमशेदपुर गए थे. इसी दौरान अज्ञात चोर शनिवार रात क्वार्टर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अन्दर घुस गए और सोने गहने नगदी समेत कीमती सामानों की चोरी कर ली.

रविवार सुबह जब रेलकर्मी अपने क्वार्टर पहुंचे तो उन्होंने क्वार्टर का गेट खुला देखा. आस-पड़ोस के लोगों संग अंदर जाने पर देखा कि घर में चोरी हुई है और घर का पूरा सामान बिखरा हुआ है. अलमारी का ताला भी टूटा हुआ है. बाद में उन्होंने सामानों की और नगद राशि की जांच की तो सब गायब मिला.

इस संबंध में चक्रधरपुर पुलिस को जानकारी दी गई. इस संबंध में रेलकर्मी शत्रुघ्न शर्मा ने बताया कि सोने के कान की दो बाली, इसके अलावा लगभग 70 हजार रुपए नगद भी चोर ले उड़े हैं. हालांकि शत्रुघ्न शर्मा के घर में और क्या-क्या सामान की चोरी हुई है इसका आकलन नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने कहा की पत्नी और बच्ची आने के बाद सही जानकारी दे पाएंगे. बता दे की चोर ने बॉक्स पलंग को खोलकर उसमें रखे नगद और सोने के गहने की चोरी की है.

Related Articles

Back to top button