
Ranchi: डिप्टीपाड़ा स्थित अपने आवास के आसपास फैली गंदगी की जानकारी मिलने के बाद बुधवार को नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने इलाके का दौरा किया. यहां फैली गंदगी को देख उन्होंने नगर निगम और आरएमएसडब्ल्यू कंपनी के अधिकारी को जमकर फटकार लगायी. कंपनी के अधिकारियों को उन्होंने कहा कि सफाई कार्य में बार-बार बहानेबाजी नहीं चलेगी. कंपनी को काम करना है तो करें, अन्यथा काम छोड़ दें. वहीं डिप्टीपाड़ा स्थित दुकानदारों से भी अपने आसपास गंदगी नहीं फैलाने और सफाई रखने की भी उन्होंने अपील की. इसके अलावा मंत्री सीपी सिंह नागा बाबा खटाल में निर्माणधीन सब्जी मार्केट का भी जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने खटाल परिसर में निर्माणाधीन सब्जी बाजार से निकलने वाले कचरे के निष्पादन के लिए विभाग के अधिकारियों को कंपोस्टिंग प्लांट लगाने का निर्देश दिया. निर्माणाधीन सब्जी बाजार के निरीक्षण के दौरान उनके साथ नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह, नगर आयुक्त मनोज कुमार, जूडको के अधिकारी सहित कई ठेकेदार मौजूद थे.
मालूम हो कि कुछ दिन पहले ही न्यूज विंग ने ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान को मुंह चिढ़ा रहा है. मंत्री सीपी सिंह और अमर बाउरी के आवास के बाहर पड़ा कचरे का ढेर’ हेडिंग से एक खबर चलायी थी. खबर में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह के आवास के पास ही लगभग 10 दिनों से कचरा का अंबार फैलने की बात कही गयी थी. इस बारे में जब मंत्री सीपी सिंह से पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि कचरा प्रतिदिन नगर निगम के द्वारा उठाया जाता है लेकिन लोग फिर वहां कचड़ा फेंक देते हैं.
इसे भी पढ़ें: स्वच्छता ही सेवा अभियान को मुंह चिढ़ा रहा है मंत्री सीपी सिंह और अमर बाउरी के आवास के बाहर पड़ा कचरे का ढेर
कचरा प्रंबधन में कंपनी है पूरी तरह असफल
डिप्टीपाड़ा स्थित अपने आवास के समीप फैले गंदगी के निरीक्षण के दौरान नगर विकास मंत्री निगम और आरएमएसडब्ल्यू को जमकर फटकार लगायी. उन्होंने कहा कि शहर में फैली कचरे के प्रबंधन में कंपनी पूरी तरह असफल है. बार-बार वह शहर की सफाई का दावा करती है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है. कभी कंपनी कहती है कि उसका गाड़ी ब्रेक-डाउन है, या कभी कहती है कि उसका कम्पेक्टर खराब है. बार-बार इस तरह का बयान नहीं चलेगा. अगर कंपनी से काम होता है तो करें या वह काम छोड़ दें. इस दौरान मंत्री ने आस-पास के दुकानदारों से भी गंदगी न फैलाने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: नगर निगम ने किया ऐप लांच, मेयर ने कहा : घर बैठे करें प्राॅपर्टी टैक्स का भुगतान
निर्माणधीन सब्जी बाजार को जल्द पूरा करने का दिया निर्देश
इसके बाद मंत्री सीपी सिंह नागा बाबा खटाल स्थित परिसर में निर्माणाधीन सब्जी मार्केट का निरीक्षण किया. मंत्री ने कहा कि खटाल परिसर में विकसित हो रही आधारभूत संरचना का काम जल्द से जल्द पूरी की जाए. उन्होंने मार्केट की संरचना की गुणवत्ता, निर्माणाधीन सब्जी बाजार से निकलने वाले कचरे के निष्पादन के लिए कंपोस्टिंग प्लांट लगाने का भी निर्देश दिया. कहा कि आगामी दुर्गा पूजा पहले यहां लगने वाले बाजार की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए.

इसे भी पढ़ें: अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नागा बाबा सब्जी मार्केट : सीपी सिंह
12 करोड़ रुपए खर्च कर बनेगा सब्जी मार्केट मॉल, होंगी 185 दुकानें
मालूम हो कि राज्य सरकार के प्रयास से नागा बाबा खटाल में सब्ज़ी मॉल बनाया जाना है. यह राज्य का सबसे बड़ा मार्केट होगा. इसे बनाने में लगभग 12 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. मॉल में 185 दुकानें होंगी, जिसमें फल के लिए 46 दुकानें शामिल हैं. फल और सब्ज़ियों को ठंडा रखने के लिए उपकरण भी लगाए जाएंगे. साथ ही कचरा के लिए कम्पोजिट सिस्टम और प्लास्टिक बोतल के लिए क्रेशर मशीन लगाई जाएगी. मॉल में फ़ूड कोर्ट और फन जोन भी होगा. महिलाओं और पुरुषों के लिए बायो टॉयलेट बनाया जाएगा.




