
Bokaro: बेरमो एसडीएम शैलेश कुमार के निर्देश पर बेरमो बीडीओ मधु कुमारी ने शनिवार 14 अक्टूबर को बोकारो थर्मल पहुंच कर डीवीसी पावर प्लांट से कोनार नदी में छाई का बहाव कर नदी के जल को प्रदूषित करने के मामले की जांच की. बीडीओ ने अपनी जांच में पाया कि पावर प्लांट से कोनार नदी में छाई का बहाव प्रबंधन द्वारा किया जा रहा था. बीडीओ ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज करते हुए नदी में हो रहे छाई के बहाव पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया. इसके बाद प्रबंधन ने भी उन्हें आश्वस्त किया कि एक घंटे में इस पर रोक लगा दी जाएगी. बीडीओ ने उन्हें तीन घंटे की मोहलत दी.
इसे भी पढ़ें: सरयू राय ने लगाया आरोप, कहा – डीवीसी बोकारो थर्मल प्रबंधन चोर दरवाजे से कोनार नदी में बहा रहा छाई
ऐसे कार्य करता है राज्य का प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
विडंबना देखिए राज्य के जिस प्रदूषण विभाग को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए थी या कड़ी आपत्ति दर्ज करानी थी,उनके ही धनबाद स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के दो पदाधिकारी राम प्रवेश कुमार और स्वागत महतो सारा दिन बोकारो थर्मल में डीवीसी प्रबंधन से मेहमाननवाजी करवाते रहे. शनिवार रात्रि विश्राम भी डीवीसी के निदेशक भवन में ही किया लेकिन दूसरी ओर पूरी रात से लेकर रविवार सुबह तक नदी में छाई का बहाव भी अनवरत होता रहा.

डीवीसी बोकारो थर्मल पावर प्लांट को बंद किया प्रबंधन ने
बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के 500 मेगावाट की क्षमता वाले पावर प्लांट को प्रबंधन ने रविवार की सुबह लगभग साढ़े दस बजे बंद कर दिया. पिछले चार दिनों से पावर प्लांट से कोनार नदी में गिराए जा रहे छाई पर रोक नहीं लग पाने के कारण रविवार की सुबह पावर प्लांट को बंद कर दिया गया. जिस समय पावर प्लांट बंद किया गया उस समय उसे फुल लोड 500 मेगावाट पर चलाया जा रहा था. पावर प्लांट से कोनार नदी में छाई के बहाव पर रोक को लेकर शनिवार की सारी रात प्रबंधन की देखरेख में कामगारों ने कार्य किया बावजूद उस पर रोक नहीं लगायी जा सकी. वहीं राज्य प्रदूषण बोर्ड के धनबाद स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के पदाधिकारियों की टीम भी बोकारो थर्मल में शनिवार से कैंप किए हुए है.




