
Ranchi : गुरुवार को राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार, रांची में हिंदी दिवस समारोह सह कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया. इसका उद्घाटन मनोज जायसवाल (भाप्रासे, आयुक्त, दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल, रांची) द्वारा किया गया. इस दौरान रांची डीसी राहुल कुमार सिन्हा, डीडीसी, रांची दिनेश यादव, जुडको के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, रांची नगर निगम के प्रशासक, कई कवि एवं साहित्यकार सहित अन्य अतिथिगण भी उपस्थित रहे. हिंदी भाषा के विशेषताओं पर चर्चा करते हुए मनोज जायसवाल ने कहा कि एक समय था जब लोगों को हिंदी भाषी होने के कारण रोजगार के अवसर प्राप्त नहीं होते थे, लेकिन वर्तमान में हिंदी भाषा को अपनी अलग पहचान मिल रही है. अब न केवल विभिन्न संस्थानों में हिंदी भाषा में विभिन्न विषयों का अध्ययन कराया जाता है, बल्कि लोगों को हिंदी भाषा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार भी प्राप्त हो रहे हैं. राहुल कुमार सिन्हा ने हिन्दी भाषा के महत्व को लेकर कहा कि यह एकमात्र ऐसी भाषा है जिसमें सभी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए पर्याप्त शब्द और स्वर व्यंजन की उपस्थिति है. डीडीसी ने कहा कि वर्तमान समय में हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा के मिलेजुले प्रयोग ने हम सभी के जीवन पर प्रभाव डाला है. इसके कारण हम आज भी स्वतंत्र रूप से हिंदी को अपना नहीं सके हैं. अंग्रेजी और हिंदी भाषा दोनों का अपना विशेष महत्व है. अंग्रेजी भाषा पर अधिक निर्भर रहना हिन्दी भाषा के भविष्य के लिए सही नहीं है.
साहित्यकारों ने हिंदी की विशेषताओं पर डाला प्रकाश
समारोह में उपस्थित कवि एवं साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं एवं कविताओं के माध्यम से हिंदी भाषा के विषेशताओं पर प्रकाश डाला. हास्य कवियों द्वारा अपनी कविताओं के माध्यम से लोगों को मनोरंजन किया गया. कवि सम्मलेन में डॉ० राजश्री जयन्ती, डॉ० सियाराम झा “सरस”, सरोज झा झारखण्डी, चन्द्रिका ठाकुर देशदीप, चन्दन प्रजापति ,सहित अन्य ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं.
इसे भी पढ़ें – खूंटी में मनरेगा घोटाले में तत्कालीन डीसी पूजा सिंघल की भूमिका की जांच कराने का मामला: हाइकोर्ट ने मेंटीबिलिटी पर फैसला सुरक्षित रखा




