GiridihJharkhand

सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लिखा पत्र, कहा- झामुमो के कार्यकर्ता एनडीए के कार्यकर्ताओं को कर रहे हैं परेशान

Ranchi : डुमरी विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार 5 सितंबर 2023 को होनेवाले उपचुनाव के मतदान से पूर्व सत्ताधारी दल (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के कार्यकर्ता लगातार अपनी विरोधी पार्टी एनडीए के प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे कार्यकर्ताओं एवं नेताओं के साथ दुर्व्यवहार करते नजर आ रहे हैं. उक्त बातें गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे अपने पत्र में कहीं.

सोमवार को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां सरकार के दिशा निर्देश पर जनप्रतिनिधि के घरों में छापेमारी कर उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है, वहीं दूसरी ओर सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता एनडीए के घटक आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट, अपहरण जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. श्री चौधरी ने इन मुद्दों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त से दोषियों पर उचित कार्रवाई करने की बात कही है. सत्ताधारी दल यानी झामुमो के लोग एनडीए के घटक आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को परेशान कर रहे हैं और इस कार्य में डुमरी विधानसभा क्षेत्र में प्रतिनियुक्ति अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी खुलकर सत्ताधारी पार्टी का सहयोग करते नजर आ रहे हैं.

उन्होंने अपने पत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त से आग्रह किया कि वह इस पत्र के आलोक में दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करें, ताकि डुमरी विधानसभा क्षेत्र में बिना किसी डर भय के मतदाता अपने मतों का उपयोग कर सकें.

इसे भी पढ़ें – शिक्षकों की प्रताड़ना से तंग आकर छात्रा की खुदकुशी करने के मामले के आरोपी प्राचार्या और सचिव गिरफतार, 2 अन्य फरार

Related Articles

Back to top button