
New Delhi: भारतीय हॉकी टीम ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के रोमांचक फाइनल मुकाबले में मलेशिया को हराकर रिकॉर्ड चौथी बार का खिताब अपने नाम कर लिया. हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली इंडियन टीम ने हाफ टाइम तक दो गोल से पिछड़ने के बावजूद गजब की वापसी करते हुए आखिरी क्षणों में ये मैच अपने नाम कर लिया.
चेन्नई में खेले गए मुकाबले में मलेशिया ने भारत को कड़ी टक्कर दी लेकिन आकाशदीप सिंह के शानदार गोल के दम पर भारत ने अंतिम समय में मैच और ट्रॉफी को अपने नाम कर ली. इस खिताब को जीतने के साथ ही, भारत एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में तीन बार के चैंपियन पाकिस्तान से आगे निकलते हुए सबसे सफल टीम बन गया है.
टीम इंडिया के एशियाई चैंपियनशिप जीतने के बाद हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को नकद इनाम देने की घोषणा की है. हॉकी इंडिया ने प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की गई है जबकि सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य को डेढ़ लाख रुपये बतौर इनाम दिए जाएंगे. हॉकी इंडिया ने इसकी जानकारी अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर दी है.
भारतीय टीम इससे पहले साल 2011, 2016 और 2018 में चैंपियन बनी थी. साल 2018 में भारत और पाकिस्तान ज्वाइंट विनर घोषित किए गए थे. तब बारिश की वजह से फाइनल रद्द हो गया था. मलेशिया की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची थी. भारत ने इससे पहले उसे ग्रुप स्टेज में भी हराया था. टीम इंडिया ने अजेय रहते हुए खिताब पर कब्जा किया.
पीएम मोदी ने दी बधाई
भारतीय हॉकी टीम द्वारा एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम करने के बाद उन्हें हर तरफ से बधाई मिल रही है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एशियाई चैंपियनशिप में शानदार जीत पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई दी है.




