JharkhandJharkhand PoliticsJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsRanchiTOP SLIDERTop Story

झामुमो केंद्रीय समिति की बैठक कल, आगामी लोकसभा चुनाव समेत कई एजेंडों पर होगी चर्चा

Ranchi: झारखंड मुक्ति मोर्चा की शीर्ष कमेटी ‘झामुमो केंद्रीय समिति’ की विस्तारित बैठक मंगलवार को पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की अध्यक्षता में रांची के सोहराई भवन में होगी. बैठक में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष सह सीएम हेमंत सोरेन, झारखंड सरकार के मंत्री, पार्टी सांसद, विधायक और केंद्रीय समिति के पदाधिकारी भाग लेंगे. विस्तारित बैठक होने की वजह से झारखंड के सभी 24 जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला सचिव भी इसमें शिरकत करेंगे. झारखंड के अलावा झामुमो के बिहार, प. बंगाल और ओडिशा कमेटी के प्रतिनिधिमंडल भी शिरकत करेंगे.
इसे भी पढ़ें: मिशन 2024: झारखंड सहित पंजाब, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और केरल में प्रदेश अध्यक्ष बदल सकती है भाजपा

झामुमो केंद्रीय समिति की विस्तारित बैठक में जिन एजेंडे पर चर्चा होगी उसमें पिछले बैठक में लिए गए फैसले के अलावा अगले कुछ महीनों में होने वाले डुमरी उपचुनाव पर भी चर्चा की जायेगी. हालांकि आज ही स्व.जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी को हेमंत कैबिनेट में मंत्री के रूप में शपथ दिलाए जाने के बाद पार्टी ने यह संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार वहीं होंगी क्योंकि बेबी देवी अभी फिलहाल विधानसभा की सदस्य नहीं हैं, ऐसे में मंत्री पद पर बने रहने के लिए 2 जनवरी 2024 तक उन्हें सदन की सदस्यता लेना अनिवार्य है. इसके अलावा बैठक में 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी के संभावित स्टैंड और सीटों की दावेदारी क्या हो, इस पर भी कार्यसमिति और सभी जिलाध्यक्षों की राय लिए जाने की संभावना है.

साढ़े तीन वर्षों में किये गये कार्यों का आकलन भी होगाः सुप्रियो

झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्या ने बताया कि राज्य की सरकार के साढ़े तीन साल पूरे हो गए हैं. इन वर्षो में पार्टी की नीति और सिद्धांत के अनुसार कितना काम हुआ, इसपर भी झामुमो केंद्रीय समिति की बैठक में चर्चा होगी. उन्होंने बताया कि पिछले दिनों पटना में हुई 15 विपक्षी दलों की बैठक और इस महीने बेंगलुरु में होने वाली बैठक को लेकर कार्यकारी अध्यक्ष अपनी बात केंद्रीय समिति की बैठक में होगी. इसके साथ झारखंड में आगामी दिनों में राज्य में महागठबंधन में झामुमो की भूमिका, उसके स्वरूप पर भी चर्चा होगी.

Related Articles

Back to top button