
Ranchi: केंदुआडीह थाना में वर्ष 2022 में दर्ज प्राथमिकी को निरस्त करने का आग्रह करने वाली भाजपा विधायक ढुल्लू महतो की याचिका की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट में हुई. प्रार्थी की ओर से हाईकोर्ट में इस केस को वापस लेने का आग्रह किया गया. साथ ही कोर्ट से आग्रह किया गया कि मामले में आरोप गठन के समय निचली अदालत में वे अपने निर्दोष होने से संबंधित विंदुओ को उठा सकते हैं. मामले में हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एसके द्विवेदी की कोर्ट ने प्रार्थी को याचिका वापस लेने एवं आरोप गठन के समय उनके निर्दोष होने से संबंधित विंदुओ को उठाने की छूट प्रदान की.
दरअसल, ढुल्लू महतो के विरुद्ध धनबाद जिले के केंदुआडीह थाना में वर्ष 2022 में कांड संख्या 132 दर्ज की गई थी. प्राथमिकी में उनके खिलाफ हत्या का प्रयास, रंगदारी मांगने और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराएं लगायी गयी है. राज्य सरकार की ओर से अधिवक्ता मनोज कुमार एवं दीपांकर ने पैरवी की.
क्या है मामला
बता दें कि मामले के सूचक रामेश्वर तूरी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी. 12 अक्टूबर 2022 को रामेश्वर तूरी अपने भगीना मुकेश तूरी के साथ गडेरिया नदी में नहा कर घर लौट रहा था. उसी दौरान गडेरिया सरकारी स्कूल के पास करीब 12 संदिग्ध व्यक्ति दो लोगों को जान से मारने का प्लान बना रहे थे. रामेश्वर तूरी ने उनकी बातें सुन ली थी. अपराधी खुद को बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो का शूटर बता रहे थे और कह रहे थे कि वे ढुल्लू महतो के लिए काम करते हैं. उन्होंने ढुल्लू महतो के कहने पर राम रहीम के नाम से जानने वाले राजकुमार महतो और असलम मंसूरी को जान से मारने की योजना बनाई है. इस संबंध में उन्हें सुपारी दी गई. रामेश्वर तुरी द्वारा उन्हें समझाए जाने पर अपराधियों ने रामेश्वर तूरी और उनके भगना मुकेश तूरी पर गोली चला दी थी.
इसे भी पढ़ें: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी संतोष यादव की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट में दोनों पक्षों की सुनवाई पूरी, आदेश सुरक्षित




