
Ranchi : ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे की रेलवे बोर्ड ने CBI जांच की सिफारिश की है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भुवनेश्वर में पत्रकारों से बात करते हुए इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दो लाइन में पटरी की मरम्मत का काम लगभग हो गया है. इस हादसे में जिन लोगों की मृत्यु हुई है उनके परिवार से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है. रेलवे बोर्ड की तरफ से इस मामले की CBI जांच की सिफारिश की गई है:
सिर्फ कोरोमंडल एक्सप्रेस हुई हादसे का शिकारः रेलवे बोर्ड
वहीं रेलवे बोर्ड की संचालन और व्यवसाय विकास सदस्य जया वर्मा ने रविवार को बताया कि प्रारंभिक निष्कर्षों से यह बात सामने आ रही है कि बालासोर में ट्रेनों के टक्कर के बाद हादसे की वजह सिग्नलिंग की कोई समस्या रही. हालांकि, बोर्ड अभी भी रेलवे सुरक्षा आयुक्त की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है. उन्होंने कहा कि सिर्फ कोरोमंडल एक्सप्रेस हादसे का शिकार हुई. इस ट्रेन की गति लगभग 128 किमी/घंटा थी. उन्होंने इसे ओवरस्पीडिंग का मामला नहीं माना है. जया वर्मा ने रविवार को दिल्ली में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मालगाड़ी में आयरन ओर भरा हुआ था. जिसकी वजह से टक्कर का सारा इम्पैक्ट यात्रियों से भरी कोरोमंडल एक्सप्रेस पर पड़ा.
मालगाड़ी पटरी से नहीं उतरी
उन्होंने कहा कि मालगाड़ी पटरी से नहीं उतरी. चूंकि मालगाड़ी लौह अयस्क ले जा रही थी, इसलिए सबसे ज्यादा नुकसान कोरोमंडल एक्सप्रेस को हुआ. यह बड़ी संख्या में मौतों और चोटों का कारण है. कोरोमंडल एक्सप्रेस जो 128 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही थी यशवंतपुर एक्सप्रेस की आखिरी दो बोगियों से टकरा गई.
रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर ले सकते हैं जानकारी
रेलवे बोर्ड की संचालन और व्यवसाय विकास की सदस्य जया वर्मा सिन्हा ने कहा कि हमारा हेल्पलाइन नंबर 139 उपलब्ध है. यह कोई कॉल सेंटर नंबर नहीं है, हमारे वरिष्ठ अधिकारी कॉल का जवाब दे रहे हैं. हम ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. घायल या मृतक के परिवार के सदस्य हमें फोन कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि वे उनसे मिल सकें. हम उनकी यात्रा और अन्य खर्चों का ध्यान रखेंगे.
तीन नहीं, बस 1 ट्रेन, कोरोमंडल एक्सप्रेस हुई हादसे का शिकार
रेलवे बोर्ड ने रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कोरोमंडल एक्सप्रेस को ग्रीन सिग्नल मिला हुआ था. ओवर स्पीड का कोई मामला नहीं है. इसके अलावा उन्होंने कहा कि शनिवार को तीन नहीं बल्कि एक ट्रेन के साथ ही हादसा हुआ.




