
Ranchi: ̊नागपुरी संस्थान शोध एवं प्रशिक्षण केंद्र पिठोरिया के सभागार में रविवार को सुजीत कुमार केशरी की लिखी पांच पुस्तकों के लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत डॉ बीपी केशरी की तस्वीर पर अतिथियों के द्वारा माल्यार्पण कर किया गया. सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर व भादी प्रकाश उरांव के स्वागत गीत से किया गया. स्वागत भाषण अभिनव केशरी दिया. विषय प्रवेश करते हुए डॉ शकुंतला मिश्र ने कहा कि नागपुरी संस्थान की स्थापना के पीछे डॉ बीपी केशरी की इच्छा थी कि पिठोरिया शिक्षा-साहित्य-शोध का केंद्र बने. आज यह सपना साकार हो रहा है. तत्पश्चात सुजीत कुमार केशरी की पांच कृतियों कहानी पिठोरिया की, ऐतिहासिक गांव सुतियांबेगढ़, अब इन टूटे तारों से कौन करेगा प्यार, सब कुछ लुटा, तो लुटाना सीखा (चारों झारखंड झरोखा रांची से प्रकाशित) और भारतीय संस्कृति में अंक का महत्व (नागपुरी संस्थान पिठोरिया से प्रकाशित) का लोकार्पण अतिथियों के कर कमलों से संपन्न हुआ. मुख्य अतिथि महादेव टोप्पो ने अपने संबोधन में कहा कि सुजीत की पुस्तकें पठनीय एवं प्रेरणादायी हैं. विशिष्ट अतिथि प्रभात खबर के कारपोरेट एडिटर विनय भूषण ने कहा कि कस्बे के ऊपर इतिहास लिखना सुजीत की बहुत बड़ी उपलब्धि है जो आने वाला समय में संदर्भ ग्रंथ के रूप में लिया जाएगा. इनकी पुस्तकें मील का पत्थर साबित होंगी. वहीं विशिष्ट अतिथि पूर्व सहायक निदेशक डॉ राम दयाल मुंडा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान ने कहा कि सुतियांबेगढ़ मुंडाओं का एक ऐतिहासिक गढ़ है. वास्तविकता यह है कि तथ्य और साक्ष्य के अभाव में इतिहास के पन्नों में यह गढ़ धूमिल पड़ा हुआ है. इस धुंधलापन को मिटाने का प्रयास सुजीत कुमार केसरी ने अपनी पुस्तक ऐतिहासिक गांव सुतियांबेगढ़ के माध्यम से किया है जो सराहनीय है. इस पुस्तक से न केवल मुंडाओं की ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में जानकारी हासिल होगी, बल्कि आने वाली पीढ़ी के शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के लिए विशेष उपयोगी सिद्ध होगी. युवा लेखक सुजीत कुमार केशरी को हार्दिक शुभकामनाएं. अध्यक्षीय भाषण करते हुए डॉ कृष्ण प्रसाद साहू कलाधर ने कहा कि डॉ बीपी केसरी के द्वारा स्थापित नागपुरी संस्थान में लोकार्पण के इस कार्यक्रम को देखकर मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है. उम्मीद है सुजीत केसरी जैसे अनेक युवा लेखक साहित्य लेखन की परंपरा को उत्साह के साथ सदैव आगे बढ़ाते रहेंगे. एक पीढ़ी के बाद दूसरी पीढ़ी के नौजवानों का लेखन कार्य में लग जाना सुखद अनुभूति दे रहा है. सब कुछ लुटा तो लुटाना सीखा और अब इन टूटे तारों से कौन करेगा प्यार पुस्तक की समीक्षा करते हुए रांची विश्वविद्यालय के नागपुरी स्नातकोत्तर विभाग के अध्यक्ष डॉ उमेश तिवारी ने कहा कि सुजीत कुमार केसरी की ये दोनों कृति प्रेरणादायी है. ये समाज को सुखी और संपन्न देखना चाहते हैं इसलिए इनके आलेख सकारात्मक जान पड़ते हैं. अपनी पत्रकारिता के दरम्यान लिखे आलेखों को पुस्तक का रूप देना बहुत कठिन कार्य है लेकिन केशरी जी ने ऐसा कर सराहनीय कार्य किये हैं. इनकी लेखनी ऐसी ही चलती रहे. इन्हें अशेष शुभकामनाएं. कहानी पिठोरिया की पुस्तक की समीक्षा करते हुए डॉ हरीश कुमार चौरसिया ने कहा कि सुजीत कुमार केशरी की यह पुस्तक गांव में दिलचस्पी रखने वालों के लिए अनुपम भेंट होंगी. गांव के ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक, शैक्षणिक, आर्थिक व खेलकूद से संबंधित सामग्री पाठकों के लिए बहुत रूचि होगी. पिठोरिया के अब-तक के बीस साहित्यकारों को ढूंढ निकालना इन्हीं के बस की बात थी. इस पुस्तक में जयमंगल सिंह और उसके बेटे जगतपाल सिंह के उत्थान-पतन की कहानी है जो झारखंड के इतिहास की महत्वपूर्ण कड़ी है. गांव से संबंधित लिखित सामग्री बहुत मुश्किल से मिलती है. इसका कोई लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं था. इसके बावजूद गांव के ऊपर पुस्तक लिखना काफी श्रमसाध्य कार्य था, जिसे केशरी जी ने मूर्त रूप दिया. ये लगभग 30 वर्ष से पत्रकारिता से जुड़े हैं, यही अनुभव और सामग्री संकलन काम आया. कुल मिलाकर यह पुस्तक पठनीय और बेजोड़ है. इसके लिए केसरी जी को बहुत-बहुत साधुवाद. भारतीय संस्कृति में अंक का महत्व की समीक्षा करते हुए राजन कुमार चौरसिया ने कहा कि यदि भारत की प्राचीन सभ्यता-संस्कृति को जानना हो तो यह पुस्तक अवश्य पढ़ना चाहिए. सैकड़ों धर्म ग्रंथ ना पढ़कर इस पुस्तक को पढ़ लिया जाए तो भारत की प्राचीन संस्कृति, धार्मिक घटनाओं, रीति-रिवाज व यहां की परंपरा को सहज जाना जा सकता है. इस पुस्तक को विद्यार्थियों को अवश्य अपने पास रखना चाहिए. प्रश्नोत्तर के रूप में इतना कलेक्शन तकरीबन 30-35 वर्ष की मेहनत की देन जान पड़ती है. यह संकलन ज्ञान का खजाना है. धन्यवाद. ऐतिहासिक गांव सुतियांबेगढ़ की समीक्षा करते हुए डॉ शकुंतला मिश्रा ने कहा कि झारखंड के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थल के बारे में बहुत कम लिखा गया. आईएएस सुरेश कुमार सिंह व डॉ बीपी केसरी जैसे लोगों ने कुछ प्रयास किया किंतु यह पर्याप्त नहीं था. यह सर्वविदित है कि प्राचीन काल में यहां असुरों को पराजित कर मुंडाओं का शासन चला और महाराजा मदरा मुंडा पड़हा व्यवस्था की स्थापना व सुशासन के कारण बहुत लोकप्रिय रहे. कालांतर में यह शासन व्यवस्था नागवंशी महाराजाओं के हाथों में आयी और इन सब घटनाओं का केंद्र बिंदु सुतियांबेगढ़ रहा. इतिहास के बंद अधखुले पन्नों को खोलने का यत्न भाई सुजीत ने अपनी पुस्तक में किया है. सुतियांबेगढ़, महाराजा मदरा मुंडा, इनके पूर्वज, मुंडा जनजाति और नागवंश की उत्पत्ति के बारे में जानना हो तो यह पहली अनूठी पुस्तक होगी. इसके लिए मैं हृदय तल से भाई सुजीत केशरी को बधाई देती हूं. धन्यवाद ज्ञापन करते हुए लेखक सुजीत कुमार केसरी ने कहा कि ऐसे ही आप सब के आशीर्वाद मिलते रहे, जिससे लेखन की यह कड़ी हमेशा आगे बढ़ती रहे. इस कार्यक्रम में आप सब ने अपना मूल्यवान समय दिया इसके लिए सभी लोगों को बहुत-बहुत धन्यवाद. कार्यक्रम में विश्वनाथ प्रसाद, डॉ राम प्रसाद, डॉ खालिद अहमद, डॉ सुखदेव साहू, डॉ संजय सारंगी, डॉ राम कुमार, डॉ आलम आरा, डॉ संतोष भगत, राजेश कुमार व सुरेन्द्र कुमार के अलावे विद्यार्थी, शोधार्थी एवं पत्रकार मंडली विशेष रूप से उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: सरकार द्वारा क्रियान्वित योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करवाना ही हम सबों का एकमात्र मकसद: जस्टिस दीपक रोशन




