
Giridih: धनवार थाना क्षेत्र के खेसरबा गांव में 27 वर्षीय युवक नरेश यादव का संदेहास्पद स्थिति में शनिवार को शव मिला. शव घर के छत के पिछले हिस्से में लगे छड़ से झूलता हुआ पाया गया. शव मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया क्योंकि महज पांच दिन पहले ही नरेश पिता बना था और शनिवार यानि आज उसकी शादी की पहली सालगिरह थी. शव छड़ में साड़ी से झूलता हुआ मिला है. परिजनों के अनुसार शनिवार को नरेश को अपनी शादी के सालगिरह होने के कारण पत्नी से मिलने अस्पताल जाना था, क्योंकि नरेश की पत्नी अब भी धनवार के ही एक प्राईवेट हॉस्पीटल में इलाजरत है. लेकिन उसके पहले ही नरेश का शव मिलने से पूरा परिवार अब सकते में हैं. मामला सुसाईड का है या हत्या का,इससे पर्दा उठना बाकी है. हालांकि मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच में धनवार पुलिस जुट गई है. वहीं शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.

स्थानीय लोगों के अनुसार नरेश पांच दिन पहले ही पिता बना था. बच्चे के जन्म लेने के बाद से पूरा परिवार बेहद खुश था. इस बीच हालांकि बच्चे को निमोनिया होने के कारण फिलहाल वह इलाज के लिए हॉस्पीटल में भर्ती है. घटना की जानकारी मिलने के बाद माले नेता रामेशवर चौधरी, राजेन्द्र यादव, भीखी पासवान, विदेशी पासवान समेत काफी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए. बताया जा रहा है कि छड़ से जिस साड़ी में झूलता हुआ नरेश का शव मिला, वह बिल्कुल सुरक्षित और सीधा था. ग्रामीणों को संदेह है कि नरेश की हत्या कर मामले को सुसाईड का रुप देने के लिए उसके शव को छड़ में झूला दिया गया.

जानकारी के अनुसार मृतक नरेश गांव से कुछ दूर केंदुआ मोड़ में इलेक्ट्रिक की दुकान चलाता था. दुकान में उसके पिता और भाई भी उसका सहयोग करते थे. घटना के बाद मृतक के परिजनों और ससुराल वालों के बीच बैठक में निर्णय हुआ कि फिलहाल उसकी पत्नी और बच्चे के देखभाल के लिए नरेश के परिवार वाले 50 हजार का आर्थिक सहयोग देगें. मृतक नरेश की शादी पिछले साल 13 मई को ही धनवार के गोरहंद गांव में हुई थी.




