
Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने एग्जाम कैलेंडर 2023 जारी कर दिया है. फिलहाल उसकी ओर से उसकी वेबसाइट पर 10 प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए शिड्यूल जारी किया गया है. इसके मुताबिक झारखंड प्रयोगशाला सहायक प्रतियोगिता परीक्षा इसी वर्ष जून माह के अंतिम सप्ताह में ली जा सकती है. इसके लिए सीबीटी प्रणाली के आधार पर परीक्षा होगी. इसी तरह पीजी प्रशिक्षित शिक्षक प्रतियोगिता परीक्षा सीबीटी के आधार पर जुलाई महीने के दूसरे सप्ताह में होगी. झारखंड डिप्लोमा स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा सीबीटी के आधार पर अगस्त माह से पहले सप्ताह में ली जायेगी. झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा ओएमआर के आधार पर सितंबर के पहले सप्ताह में ली जायेगी. इसके लिए मई महीने के पहले सप्ताह में विज्ञापन जारी किये जायेंगे.
झारखंड नगरपालिका सेवा संवर्ग संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए मई माह के पहले सप्ताह में विज्ञापन जारी होगा. सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में इसकी परीक्षा ली जायेगी. उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा के लिए भी विज्ञापन मई माह के दूसरे सप्ताह में जारी होगा जबकि इसके लिए जुलाई से सितंबर के बीच फिजिकल टेस्ट और नवंबर के पहले सप्ताह में लिखित परीक्षा होगी.
महिला पर्यवेक्षिका प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के लिए एग्जाम अगस्त माह में होगा. मई में इसका विज्ञापन आयोगा जबकि अक्टूबर के पहले सप्ताह में इसका रिजल्ट आयेगा. झारखंड औद्योगिक प्रशिक्षण सेवा के विभिन्न व्यवसायों में ट्रेनिंग अफसर के लिए प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन अगस्त में होगा. मई के अंतिम सप्ताह में विज्ञापन जबकि अक्टूबर में इसका रिजल्ट जारी किया जायेगा. मैट्रिक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा के लिए जून के दूसरे सप्ताह में विज्ञापन जारी होगा. परीक्षा अक्टूबर माह के पहले सप्ताह में और दिसंबर तक रिजल्ट जारी होने की उम्मीद है. इंटरमीडिएट स्तर (कंप्यूटर ज्ञान और टाइपिंग अहर्ता धारक पद) पदों के लिए संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन अगस्त में होगा. इसके लिए विज्ञापन जून के पहले सप्ताह में जारी होगा जबकि दिसंबर के तीसरे सप्ताह में रिजल्ट आना तय है.
इसे भी पढ़ें: बदलते राजनीतिक और प्रशासनिक परिदृश्य में ट्राइबल एडवाइजरी कमिटी की भूमिका पर शोध कराएगी सरकार




