
Daltonganj: पलामू जिले की रामगढ़ थाना पुलिस को सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने गोली लगने के 20 माह बाद जेजेएमपी उग्रवादी सुरेन्द्र राम उर्फ सुमंत जी उर्फ सुमंत मोची उर्फ सुरेन्द्र कुमार रवि को गिरफ्तार किया है. सुरेन्द्र लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के अगरडीह मंधनियां का रहने वाला है. इलाज के बाद सुरेन्द्र अपने घर पर रह रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ पुलिस ने मनिका थाना पुलिस के सहयोग से उसे वहां से गिरफ्तार किया.
बता दें कि 10 अगस्त 2021 को रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोकाडू में आपसी विवाद में जेजेएमपी उग्रवादी ने एक दूसरे पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें एरिया कमांडर की मौत हो गयी थी. कई उग्रवादियों को गोली लगी थी. सुरेन्द्र राम उर्फ सुमंत जी उर्फ सुमंत मोची उर्फ सुरेन्द्र कुमार रवि के बायां पैर की जांघ में गोली लगी थी. गोली लगने के कारण वह बेहोश हो गया था. बेहोशी की हालत में उसके साथी उसे उठाकर अपने साथ लातेहार ले गए थे और जंगल में रखकर उसका इलाज किया था.
चैनपुर अंचल के इंस्पेक्टर तुलसीदास मुंडा ने शनिवार को रामगढ़ थाना में जानकारी दी कि 28 जुलाई 2021 की रात कृष्णा मोची पिता हजारी राम ग्राम नावाडीह के घर में घुसकर लेवी नहीं देने पर कृष्णा मोची को लाठी डंडे से जमकर मारपीट की गयी थी. इस घटना में सुरेन्द्र राम दस्ता के साथ शामिल था. इसके अलावा 10 अगस्त 2021 को कोकाडू के जंगल में आया था और खाना खाकर सोया हुआ था. अचानक सुबह 4 बजे गोली चलने लगी. गोली चलने पर दस्ता के लोग इधर-उधर भागने लगे, जिसमें सुरेन्द्र राम उर्फ सुमंत जी के बायें पैर की जांघ में गोली लगने से वह बेहोश हो गया. उसके साथी उसे उठाकर ले गए थे और इलाज कराया था. गुप्त सूचना पर सुरेन्द्र राम को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। गोली लगने के कारण सुरेन्द्र ठीक से चल नहीं पाता है. गिरफ्तारी अभियान में रामगढ़ थाना प्रभारी प्रभात रंजन राय दल बल के साथ शामिल थे.
इसे भी पढ़ें: JSSC ने 10 प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए जारी किया एग्जाम कैलेंडर, जानें कब-कब कौन सी होगी परीक्षा




