JharkhandJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsRanchi

60: 40 नियोजन नीति के खिलाफ झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन का 72 घंटे का महाआंदोलन, सीएम आवास घेराव को लेकर 33 जगहों में हुई बैरिकेडिंग

Ranchi: झारखंड में 60/40 नियोजन नीति के खिलाफ झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन का 72 घंटे का महाआंदोलन शुरू हो गया है. इसके तहत आज छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे जबकि कल यानि 18 को सभी प्रखंड व जिला मुख्यालयों में मशाल जुलूस और 19 को संपूर्ण झारखंड बंद का एलान किया गया है. इसी आंदोलन के तहत आज पूरे झारखंड से 50 हजार छात्र मोरहाबादी मैदान में एकत्रित होकर अधिकार मार्च करते हुए मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे.

प्रशासन का पुख्ता प्रबंध, 33 स्थानों पर हुई बैरिकेडिंग 

सीएम आवास घेराव को देखते हुए रांची पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किया है. सीएम आवास के आसपास 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लगाया गया है तो वहीं सीएम आवास की ओर जाने वाले विभिन्न मार्गों में 33 स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है. इन मार्गों में मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं. राजधानी में तैनात 6 डीएसपी के अलावा जिले के अन्य डीएसपी, विभिन्न थाना प्रभारियों के अलावा कई इंस्पेक्टर और दारोगा को भी तैनात किया गया है. इनके अलावा मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे. जरूरत पड़ी तो रूट को डायवर्ट भी किये जायेंगे.

एसएसपी किशोर कौशल के आदेश पर 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है. इसमें चार कंपनी रैपिड एक्शन पुलिस, इको, एसआईआरबी, आइआरबी, जैप-10 की महिला पुलिस, लाठी पार्टी व होमगार्ड को लगाया गया है.  शहर में विभिन्न चौक चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे से भी अराजक तत्वों पर नजर रखी जा रही है.इसके अलावा वीडियोग्राफी व ड्रोन कैमरे से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

सिटी एसपी ने छात्र संगठनों से अपील

सिटी एसपी शुभांशु जैन ने छात्र संगठनों से अपील की है. उन्होंने कहा कि मोरहाबादी मैदान में ही शान्तिपूर्वक अपनी बातें रखें, इससे आगे ना जाए. वहीं एसपी ने कहा कि छात्रों के आंदोलन के मद्देनजर विभिन्न जगहों में की गई बैरिकेडिंग पर डीएसपी को तैनात किया गया है. सुरक्षा की दृष्टि से आंसू गैस दस्ता, वाटर कैनन आदि के भी इंतजाम रखे गए हैं.

Related Articles

Back to top button