
Ranchi: झारखंड मिथिला मंच के तत्वावधान में 14 अप्रैल से त्रिदिवसीय मिथिला महोत्सव सह विराट सांस्कृतिक महाकुंभ का आयोजन होगा. मंच प्रमुख मनोज मिश्रा ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 14 अप्रैल के दिन महोत्सव की शुरुआत होगी. मेन रोड स्थित बाबा विद्यापति की प्रतिमा पर मिथिला समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में माल्यार्पण करेंगे. इसके बाद संध्या काल में हरमू के लेक गार्डेन बैंक्वेट हाॅल में कवि सम्मेलन होगा. इस अवसर पर मैथिली के नामचीन कवि, गीतकार एवं साहित्यकार अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करेंगे. इस मौके पर जगदीशचंद्र ठाकुर, फूलचंद्र झा प्रवीण, हितनाथ झा, अमित पाठक, कमलेश प्रेमेन्द्र और दीप नारायण एक से बढ कर एक कविता का पाठ करेंगे. कार्यक्रम में मैथिली पुस्तक पाग दोपटा एवं अन्य स्टॉल लगाये जायेंगे.
इसे भी पढ़ें: राज्य सरकार के कई और चहेते दागी ऑफिसर्स की भी जांच करे ED : दीपक प्रकाश
15-16 अप्रैल का कार्यक्रम हरमू मैदान में होगा. मैदान में विराट सांस्कृतिक मिथिला महोत्सव का आयोजन होगा. इसमें आनंद मेला का भी आयोजन किया गया है. अनेक विलक्षण पुस्तक संग्रहों से लेकर “पोथी घर” का स्टाल भी रहेगा जिसमे अति दुर्लभ पुस्तक भी प्राप्त किया जा सकेंगे. कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिये राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त डा रंजना झा, पंडित हरिनाथ झा, पूनम मिश्रा, माधव राय, जुली झा, स्वास्तिक भारद्वाज के संग ज्योति मिश्रा भी अपनी प्रस्तुति देंगी. कार्यक्रम में मिथिला के प्रसिद्ध भोजन माछ भात, तरुआ तरकारी, दही चीनी की भी उत्तम व्यवस्था की गई है. समस्त मिथिलावासी इस कार्यक्रम का आनंद लेने के लिये उत्साहित हैं.




