NEWS

साहिबगंज में अमर शहीद सिद्धो कान्हो के जन्म दिवस पर समारोह का आयोजन, सीएम ने 2080 योजनाओं का किया शिलान्यास व उद्घाटन

Sahibganj: अमर शहीद सिद्धो कान्हो के जन्म दिवस के अवसर पर मंगलवार को सीएम हेमंत सोरेन भोगनाडीह गांव पहुंचे. सीएम ने पंचकठिया स्थित शहीद क्रांति स्थल जहां सिद्धो मुर्मू एवं कान्हो मुर्मू को अंग्रेजो के विरुद्ध आवाज उठाने पर फांसी दी गई थी वहां विधिवत पूजा अर्चना की. इसके बाद सीएम ने शहीद के वंशजों से मुलकात करने उनके पैतृक निवास भोगनाडीह पहुंचे जहां उन्होंने शहीदों के वंशजों से मुलाकात करते हुए उन्हें उपहार आदि प्रदान किया. इसी क्रम में सीएम ने अमर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.
इसे भी पढ़ें: भाजपा सांप्रदायिक राजनीति से कर रही धुव्रीकरण, आमजन के बीच फैला रही नफरत: वाम दल

अमर शहीद सिद्धो कान्हो के जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सांसद विजय हांसदा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हूल क्रांति के महानायक सिद्धो कान्हो के नाम से सिद्धो कान्हो कृषि एवं वन उत्पाद संग अंतर्गत लैम्प्स/पैक्स में सदस्या बढ़ाने का अभियान चलाया जा रहा है. इसके अंतर्गत किसानों को उनकी अनाज का सही मूल्य मिले यही सरकार की सोच है. इसके अंतर्गत लगभग 30 लाख लोगों को लैपम्स/पैक्स की सदस्यता दिलाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके ज़रिए किसान आर्थिक रूप से सुदृढ़ होंगे एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी.

सीएम ने कहा कि सरकार पहुंच गांव गांव तक हुई है.जहां गांव गांव तक शिविर लगाकर सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाई जा रही है वहीं लोगों को योजना से जोड़ कर उन्हें लाभान्वित करने का कार्य भी किया जा रहा है इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए सरकार की सोच है कि दूरस्थ से दूरस्थ इलाकों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा संवाद किया जाएगा एवं उनकी समस्याओं को सुनकर उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा.

कार्यक्रम में राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हांसदा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे देश में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, इससे हमें सतर्क रहने की आवश्यकता है. उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निर्देशन में राज्य लगातार आगे बढ़ रहा है हम यही विकास की गति बनाए रखेंगे.

योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 15664.05 लाख रुपए की राशि की 8 योजनाओं का उद्घाटन
तथा 59728.04 लाख रुपए के 2072 योजनाओं का शिलान्यास किया. इस क्रम में मुख्यमंत्री ने कुल 75392.09 लाख रुपए की राशि की 2080 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 4 करोड राशि की परिसंपत्तियों का भी वितरण किया. जिसमें सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना अंतर्गत 2 लाभुकों को प्रशस्ति पत्र, नव चयनित सेविका सहिया को चयन पत्र, 3 लाभुकों को अनुकंपा के आधार पर लिपिक पद पर नियुक्ति हेतु नियुक्ति पत्र,फूलो झानो योजना अंतर्गत 140 लाभुकों को चेक वितरित किया गया. इसके अलावा 5 लाभुकों के बीच पशु टीकाकरण किट का भी वितरण किया गया. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर योजना अंतर्गत एक लाभुक को स्वीकृति पत्र तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत 1 लाभुक को गृह प्रवेश हेतु चाबी भी प्रदान की गई.

सीएम ने मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना अंतर्गत 5 लाभुकों के बीच भी परिसंपत्ति का वितरण किया. 75% अनुदान पर 05दुधारू गाय/ भैंस की मिनी डेयरी योजना अंतर्गत 01 लाभुक तथा 75% अनुदान पर दुधारू गाय एवं भैंस की योजना अंतर्गत एक लाभुक को लाभान्वित किया गया. वहीं कृषि यंत्रीकरण प्रोत्साहन योजना अंतर्गत अनुदानित दर पर मिनी राइस मिल एवं उनके सहायक यंत्रों हेतु 12 लाभुक किसान के बीच वितरित किया गया. 38 लाभुकों के बीच कृषि यंत्रीकरण प्रोत्साहन योजना अंतर्गत अनुदानित पर मिनी ट्रैक्टर एवं उनके सहायक यंत्रों का वितरण किया गया. 2 लाभुकों के बीच कृषि राज्य वृद्धा पेंशन योजना अंतर्गत स्वीकृति पत्र एवं डीएमएफटी मद अंतर्गत चार बाइक एंबुलेंस का लोकार्पण भी किया गया.

वहीं कार्यक्रम में आज से शुरू हो रहे मीजल्स एवं रूबेला की रोकथाम हेतु एम.आर कैंपेन की शुरुआत भी मुख्यमंत्री ने की. इसके अलावा SIDHKOFED सिद्धो कान्हो कृषि एवं वन उत्पाद संघ अंतर्गत विभिन्न पैक्स/लैम्प्स में सदस्यों को जोड़ने हेतु अभियान का शुभारंभ भी किया गया. कार्यक्रम के दौरान ही मुख्यमंत्री ने स्वयं बाइक एंबुलेंस का जायजा लिया तथा महिला किसानों को ट्रैक्टर चलाने को लेकर प्रेरित करते हुए अपनी शुभकामनाएं दी.  कार्यक्रम में उपरोक्त के अलावा उपायुक्त राम निवास यादव, पुलिस अधीक्षक पाकुर हरदीप जनार्दनन,उप विकास आयुक्त प्रभात कुमार बरदियार, वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी समेत जिले एवं प्रखंड के वरीय पदाधिकारी गण एवं अन्य उपस्थित थे.

Related Articles

Back to top button