
Dhanbad: बाघमारा के बीजेपी विधायक ढुल्लू महतो ने अपनी ही पार्टी के सांसद रविन्द्र पांडे के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया है. पिछले दिनों गिरिडीह सांसद रविंद्र पांडे के दिए गए बयान के पलटवार में आज बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो ने धनबाद सर्किट हाउस में एक प्रेस वार्ता की. ढुल्लू महतो ने गिरिडीह सांसद रविंद्र कुमार पांडे के खिलाफ जमकर अपनी भड़ास निकाली. विधायक ढुल्लू महतो ने सांसद पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह गरीबों के मसीहा नहीं हैं, और ना ही वह गरीबों के सुनते हैं. वह तो दिन भर गांजा पी कर जहां-तहां रात गुजारते हैं. वह क्या गरीबों की मदद की बात करेंगे ?
रविन्द्र पांडे पर लगाया आय से अधिक संपत्ति जमा करने का आरोप
धनबाद के बाघमारा के विधायक दुल्लू महतो आज प्रेसवार्ता के दौरान अपनी ही पार्टी के नेता और गिरिडीह के सांसद रविन्द्र पांडे पर जमकर बरसे. उन्होने कहा कि रविन्द्र पांडे ने रेलबंदी के मुद्दे पर संसद में एक बार भी सवाल नहीं उठाया. जबकि रेल बंद होने से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं. इसके साथ ही उन्होने रविन्द्र पांडे पर आय से अधिक संपत्ति जमा करने का भी आरोप लगाया.. उन्होने कहा कि सांसद महोदय बताएं कि उनके पास 500 डम्पर कहां से आया है.
ओरिएंटल आटसोर्सिंग मामले की सीबीआई जांच की मांग
बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो ने Oriental आउटसोर्सिंग के मामले की सीबीआई जांच करवाने की मांग की. उन्होने कहा कि सीबीआई जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. उन्होने कहा कि सीबीआई जांच की मांग को लेकर उन्होने मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और कोयला मंत्री पियूष गोयल को चिट्ठी लिखी है. ढुल्लू महतो ने आरोप लगाया कि धनबाद जिले में जितनी आउटसोर्सिंग कंपनी है, सबकी जांच होनी चाहिए. उन्होने आरोप लगाया कि सारे चोर मिलकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें-विधायक ढुल्लू महतो ने आउटसोर्सिंग कंपनी के अधिकारी को दी धमकी ! ऑडियो वायरल
कहीं सांसद के टिकट को लेकर तो नहीं है घमासान ?
ढुल्लू महतो ने कहा कि सांसद रविन्द्र पांडे की अपनी छवि कैसी है वो ईलाके की जनता जानती है. भाजपा और मोदीजी के नाम पर जीत कर आये हैं तो खुद को बहुत बड़ा सांसद समझते हैं. सांसद के टिकट पर चुनाव लड़ने पर ढुल्लू महतो ने कहा कि पार्टी जहां से कहेगी, वहां से चुनाव लड़ूंगा. आपको बता दें कि सोशल मीडिया में इस तरह की चर्चा है कि धनबाद सांसद पीएन सिंह और गिरिडीह सांसद रविन्द्र पांडे का टिकट इस बार कट सकता है. इसके बाद पीएन सिंह के खिलाफ धनबाद के मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने और रविन्द्र पांडे के खिलाफ ढुल्लू महतो ने मोर्चा खोल रखा है. दोनों टिकट के दावेदार बताये जा रहे हैं.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




