Crime NewsKhuntiRanchi

Ranchi: नगर निगम बिल्डिंग में अचेतावस्था में मिली खूंटी की नाबालिग छात्रा, मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने भेजा घर, सदमे में है छात्रा

Ranchi: काेतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कचहरी चाैक स्थित नगर निगम भवन के चाैथी मंजिल से बुधवार की शाम खूंटी के एक निजी स्कूल के 9वीं की छात्रा अचेत हालत में मिली. शाम लगभग 4:30 बजे निगम कार्यालय से निकल रही महिलाओं की नजर जैसे ही बदहवास छात्रा पर पड़ी, तो तत्काल ही इसकी जानकारी कोतवाली थाना और महिला थाना की पुलिस को दी गई. इस दौरान महिलाओं से बातचीत के दौरान छात्रा ने अपने साथ गलत हाेने की जानकारी भी दी. मौके पर पहुंची पुलिस तत्काल छात्रा को इलाज व मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची. स्कूली छात्रा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण शुरूआत में वह मेडिकल जांच कराने के लिए तैयार नहीं हुई. इसके बाद महिला थाने की पुलिस का सहयाेग लिया गया. पुलिस के प्रयास से छात्रा का मेडिकल जांच कराया गया. 3 सदस्यीय डॉक्टरों के बाेर्ड ने छात्रा का मेडिकल जांच किया. गुरुवार को छात्रा की हालत में सुधार होने की स्थिति में पुलिस ने परिजनों संग छात्रा को खूंटी स्थित घर वापस भेज दिया. हालांकि छात्रा के संग दुष्कर्म या छेड़छाड जैसी कोई घटना हुई है या नहीं, इसे लेकर अब भी सवाल बने हुए हैं. वहीं महिला थानेदार स्नेहलता का कहना है कि बच्ची के साथ कुछ भी गलत नहीं हुआ है इसलिए मेडिकल जांच के बाद उसे घर भेज दिया गया है.

इसे भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रांची को दी सौगात, 5000 करोड़ की लागत से 194 किमी बनेगा फोरलेन रिंग रोड

डरी-सहमी और सदमे में है छात्रा

अस्पताल से घर जाने के बाद भी छात्रा काफी डरी-सहमी हुई है और परिजनाें से ज्यादा कुछ बातचीत कर पाने की स्थिति में नहीं है. लगातार गुमसुम रहने के कारण परिजन भी बेहद परेशान हैं. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी घटना से छात्रा काे गहरा सदमा लगा है, जिसके कारण वह अपने परिजनाें से भी ज्यादा कुछ बातचीत नहीं कर पा रही है.

21 मार्च की सुबह घर से निकली थी छात्रा, बस से पहुंची थी सिलादाेन

नाबालिग छात्रा के भाई का कहना है कि 21 मार्च यानि मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे वह घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लाैटी. छात्रा के माेबाइल पर लगातार संपर्क किया जा रहा था लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. हालांकि इस दौरान घर से निकलने के बाद छात्रा बस से सिलादाेन पहुंची थी और उसके बाद एक ऑटो में बैठकर वह कचहरी चाैक पहुंची थी क्योंकि इस दाैरान उसने ऑटो ड्राइवर से घरवालों की बातचीत कराई थी. लेकिन इसके बाद छात्रा से परिजनों का कोई संपर्क नहीं हो पाया. मंगलवार को हुई इस घटना के ठीक 24 घंटे के बाद वह अगले दिन बुधवार को नगर निगम बिल्डिंग में अचेतावस्था में मिली थी.

आईडी कार्ड से परिजनाें से हुआ संपर्क

जिस दौरान छात्रा नगर निगम भवन में मिली, बताया जा रहा है कि उस दौरान उसके पास एक निजी स्कूल का आईडी कार्ड भी था, जिसके जरिए ही उसकी पहचान हो सकी और खूंटी स्थित उसके परिजनों से संपर्क हो सका. आईडी कार्ड पर दर्ज माता-पिता के नाम व पता के अलावा फाेन नंबर भी लिखा हुआ था जिसपर काॅल किया गया. सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन रांची पहुंचे और एक दिन पहले से उसके गायब हाेने की जानकारी दी. छात्रा के परिजनाें ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक होने की बात कही है. वहीं अब तक यह बात भी सामने नहीं आई है कि पुलिस ने छात्रा का कोई बयान लिया है या नहीं. इस मामले को लेकर कोई प्राथमिकी दर्ज की गई है या नहीं या फिर मजिस्ट्रेट के सामने कोई बयान दर्ज कराया गया है या नहीं.

Related Articles

Back to top button