
Ranchi: एनटीपीसी (NTPC) को अपने प्रोजेक्ट के लिए पकरी बरवाडीह कोयला खनन प्रोजेक्ट के लिए जमीन की जरूरत है. फिलहाल उसकी ओर से इसके लिए हजारीबाग जिले के अलग अलग ब्लॉक में 143 रैयतों से जमीन लिए जाने की तैयारी पूरी हो चुकी है. बड़कागांव, केरेडारी अंचल में जिन रैयतों से कोयला खनन के लिए जमीन लिया जाना तय है, उन्हें वह मुआवजा भुगतान भी करने को तैयार है.
इसे भी पढ़ें: GATE- 2023: BAU के केवल वत्स देश में सेकंड टॉपर, कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय के दूसरे बैच के 6 छात्रों को मिली सफलता
चिन्हित जमीन मालिकों को मुआवजा देने से पहले एनटीपीसी प्रबंधन ने सूचना जारी करते कहा है कि रैयतों ने स्वेच्छा से भूमि से संबंधित कागजात मुआवजा के लिए उसके पास जमा किया है. अगर किसी और को या अन्य रैयत को चिन्हित जमीन के संबंध में कोई दावा, आपत्ति करनी हो तो वे लंगातू गांव स्थित एनटीपीसी कार्यालय में अगले दो सप्ताह के अंदर संपर्क करें. ऐसा नहीं होने पर चिन्हित रैयतों को सही मानते हुए भुगतान कर दिया जायेगा.
कहां कहां हो रहा भूमि अधिग्रहण
एनटीपीसी के मुताबिक बड़कागांव अंचल के डाडीकलां गांव (थाना सं 51) के 12 रैयतों को जमीन के एवज में मुआवजा मिलेगा. सोनबरसा (थाना सं 59) गांव के 10, चुरचू गांव (थाना सं 61) के 8, चेपाकला गांव (थाना सं-52) के 29, चेपाखूर्द गांव (थाना सं-53) के दो, जुगरा गांव (थाना सं-54) के 5, नगड़ी गांव (थाना सं-49) के 16, सिन्दुवारी (थाना सं-60) के 21 रैयतों को लाभ दिया जाना है.
बड़कागांव अंचल के ही केरी गांव (थाना सं-62) के 1, उरूब गांव (थाना सं-41) के 9, पकरी बरवाडीह गांव (थाना सं-46), लंगातू गांव (थाना सं-58) के 8 जमीन मालिकों को मुआवजा राशि दी जायेगी. केरेडारी अंचल के बरियातू गांव (थाना सं-42) के 3, सिरमा गांव (थाना सं-46) के 1, बेलतु गांव (थाना सं-32) के 3, कंडाबेर गांव (थाना सं-33) के 7, देवरिया खुर्द गांव (थाना सं-39) के 6 भूस्वामियों को मुआवजा राशि देने के लिए नाम तय कर लिया गया है.




