Crime NewsDumka

दुमका में ग्राहक सेवा केन्द्र लूट कर भाग रहे एक लुटेरे को ग्रामीणों ने पकड़ा, लुटेरे की गोली से एक ग्रामीण घायल

Dumka: सोमवार की दोपहर को दुमका जिला के जरमुण्डी थाना क्षेत्र अन्तर्गत पालोजोरी गाँव के ग्राहक सेवा केन्द्र में रुपये लूटकर भाग रहे अपराधियों में से एक को ग्रामीणों ने दौड़कर पकड़ लिया और भरपूर पिटाई कर दी. पकड़े जाने के दौरान अपराधी ने गोली चला दी. गोली रुशन राय नामक एक ग्रामीण के कान को स्पर्श करती हुई निकल गयी. पकड़े गये अपराधी के पास से गोली भरा हुआ मेड इन यूएसए अंकित पिस्टल बरामद हुआ है. इस संबंध में जरमुण्डी थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर दयानन्द साह ने बताया कि पकड़े गये अपराधी का नाम लक्ष्मण कुमार है, जो देवघर जिला के मोहनपुर थाना क्षेत्र बूढ़ा कुरूवा गाँव का रहनेवाला है.

इसे भी पढ़ें: झारखण्ड के प्रवासी श्रमिक तमिलनाडु में सुरक्षित

थाना प्रभारी ने बताया कि लक्ष्मण कुमार और गोली से घायल ग्रामीण रुशन राय को इलाज के लिये जरमुण्डी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया. प्राथमिक इलाज के बाद रुशन राय को चिकित्सक ने छुट्टी दे दी, अपराधी लक्ष्मण कुमार इलाजरत है. थाना प्रभारी ने बताया कि लूट की घटना को कुल चार अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया है. चारों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आये थे, जिनमें से तीन उसी मोटरसाइकिल से भागने में सफल रहे, जबकि एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. थाना प्रभारी ने बताया कि लूट अमुमन डेढ़ से दो लाख रुपये की हुई है। लूट हुई वास्तविक राशि का पता ग्राहक सेवा केन्द्र द्वारा गिनती किये जाने के बाद ही पता चल पायेगा. थाना प्रभारी ने कहा कि घटना में शामिल अन्य लुटेरों को पकड़ने के लिये पुलिस छापामारी कर रही है. उन्होंने दावा किया कि अन्य सभी लुटेरे जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

Related Articles

Back to top button