Palamu

गढ़वा: 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते मुखिया और उसका पति गिरफ्तार

Palamu: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की पलामू इकाई ने गढ़वा जिले के रमना प्रखंड की हरादाग कला पंचायत की मुखिया प्रमिला देवी और उसके पति बृजलाल विश्वकर्मा को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. मुखिया और उसका पति डोभा निर्माण कार्य के लिए उपयोगिता प्रमाण पत्र में हस्ताक्षर करने के एवज में 25 हजार रुपये घूस ले रहे थे. दोनों को गिरफ्तार करने के बाद एसीबी की टीम मेदिनीनगर ले आई है, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया जायेगा.

बता दें कि मुखिया और उसके पति को गिरफ्तार करने के साथ ही पलामू एसीबी ने इस वर्ष का तीसरा ट्रैप केस पूरा कर लिया है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पलामू के पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी है कि गढ़वा जिले के रमना प्रखंड की हरादाग कला पंचायत के भागोडीह के बिगू चौधरी ने आवेदन देकर आरोप लगाया था कि महात्मा गांधी रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत डोभा निर्माण का कार्य उसकी पंचायत में आया हुआ है. इस काम को नामित करने के लिए उपयोगिता प्रमाण पत्र की आवश्यकता पड़ती है, जिसमें पंचायत सचिव, रोजगार सेवक एवं उपमुखिया उपयोगिता प्रमाण पत्र में हस्ताक्षर कर चुके थे, मुखिया प्रमिला देवी के द्वारा 25 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। मुखिया का यह भी कहना था कि 25 हजार की राशि देने के बाद ही डोभा निर्माण कार्य उसे दिया जायेगा. पैसे नहीं देने पर उपयोगिता प्रमाण पत्र में हस्ताक्षर नहीं करेंगे. काम भी उसे नहीं दिया जाएगा.

वादी घूस नहीं देना चाहता था. शिकायत के आलोक में एसीबी पलामू की टीम ने इसका सत्यापन किया और आरोप सही पाकर धावादल का गठन कर कार्रवाई की। मुखिया प्रमिला देवी और उसके पति बृजलाल विश्वकर्मा को गुरूवार को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया.

इसे भी पढ़ें: HC: मांडर इंटर कॉलेज पर 50 हजार का जुर्माना, छात्रों को एडमिट कार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश

Related Articles

Back to top button