
Ranchi : चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को परिवहन सचिव के श्रीनिवासन से मुलाकात की. जिसका नेतृत्व चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने किया. प्रतिनिमंडल ने सचिव को सुझाया कि व्यावसायिक वाहनों के बकाया टैक्स की एकमुश्त प्राप्ति के लिए विभाग द्वारा वन टाइम सेटलमेंट स्कीम लायी जाये. कॉन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट के दौरान लग रहे अतिरिक्त अधिभार शुल्क की बाध्यता से हो रही परेशानियां पर चर्चा करते हुए समीक्षा का आग्रह किया. यह कहा कि झारखंड गजट में अधिभार शुल्क के विषय में कहीं उल्लेख नहीं है और न ही इस संबंध में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा कोई आधिकारिक सूचना उपलब्ध करायी गयी है. चैंबर अध्यक्ष ने इस बात को प्रमुखता से रखते हुए कहा कि झारखंड से निबंधित सभी व्यावसायिक वाहन राज्य में कहीं से भी निबंधित हों, उसका दुरुस्ती प्रमाण पत्र किसी भी मोटरयान निरीक्षक से करा सकें, यह व्यवस्था करना आवश्यक है. ऐसी व्यवस्था अन्य राज्यों में है.
चैंबर द्वारा व्यवसायियों की ओर से प्राप्त कुछ अन्य समस्याएं भी रखी गयीं. जिनमें मुख्यतः अस्थाई परमिट प्राप्त करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने, नये नये सड़क मार्गों के लिए रूट फॉर्मूलेशन करने, प्रतिहस्ताक्षर के दौरान समय सारणी के निर्धारण में झारखंड के बस मालिकों को प्राथमिकता देने की बात कही गयी. प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने पर सचिव ने सभी बिंदुओं पर उचित कारवाई का आश्वासन दिया. प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, शैलेष अग्रवाल समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें – राज्यपाल ने की प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा



