
Ranchi: रांची के मांडर स्थित सोसई आश्रम में आयोजित मिलन समारोह में कांग्रेस के युवा नेता सन्नी टोप्पो ने अपने हजारों समर्थकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति से प्रेरित होकर रविवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया. इस मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी मुख्य रूप से उपस्थित थे. भाजपा नेताओं ने सन्नी टोप्पो का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए इनके आने से पार्टी को मजबूती मिलने की बात कही.

श्री दीपक प्रकाश ने कहा कि इस कार्यक्रम में उपस्थित भीड़ ने साबित कर दिया कि झारखंड में परिवर्तन की लहर चल रही है. मक्कार, झूठी, गरीब, आदिवासी, मूलवासी युवा विरोधी इस सरकार को सत्ता में 1 मिनट भी रहने का हक नहीं है. 5 लाख युवाओं को नौकरी, नौकरी नहीं तो बेरोजगारी भत्ता सहित मुंगेरीलाल के कई हसीन सपने दिखाकर यह सरकार सत्ता पर आई. बेरोजगारी भत्ता नहीं तो राजनीति से हेमंत सोरेन ने सन्यास लेने की बात कही थी. वादा तो पूरा किया नहीं, आखिर मुख्यमंत्री किस तिथि को सन्यास लेंगे, यह उन्हें बताना चाहिए.

भारत की पहली सरकार है जहां नियोजन नीति नहीं है. प्रदेश जंगलराज की तरफ बढ़ रहा है. कानून व्यवस्था ठप्प. महिलाओं के साथ 3 वर्ष में 4800 से अधिक बलात्कार की घटना घटी है. जिन बलात्कारियों को फांसी होनी चाहिए, वैसे अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है. अवैध खनन से पूरा प्रदेश त्रस्त है. इसमें शामिल लोग जेल में बंद है और उनके रिश्ते भी जगजाहिर हैं. बिहार का रहने वाला झारखंड को लूटने वाला कौन है पंकज मिश्रा ? पंकज मिश्रा से सीएम के क्या रिश्ते हैं यह उन्हें स्पष्ट करनी चाहिए. राज्य का बालू, कोयला लोहा तो लूट ही लिया गया. मांडर विधानसभा में आदिवासियों की जमीन भी उनके परिवार वालों ने लूटने का काम किया है. आदिवासी बेटी के राष्ट्रपति में बाधक बनने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी.
श्री प्रकाश ने राज्य कि आने वाला समय चुनौती का है. इस चुनौती को अवसर में बदलना है. केंद्र में मोदी की और झारखंड में कमल फूल की सरकार बनानी है. बीजेपी विकास की राजनीति में विश्वास करती है. जब जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश में बनी है चाहे वह बाबूलाल मरांडी की, अर्जुन मुंडा की या रघुवर दास की सरकार हो, विकास की गति तेज हुई है.
श्री प्रकाश ने कहा कि 2014 के पूर्व भरष्टचार के कारण देश के हर नागरिक का मस्तक शर्म से झुक जाता था जब से मोदी जी की सरकार आई है तब से भारत के हर एक नागरिक का, भारत का मस्तक पूरी दुनिया में सबसे ऊंचा रखने का उन्होंने काम किया है. पड़ोसी देश अगर एक गोली चलाता है तो भारत की सेना सर्जिकल स्ट्राइक के रूप में गोली का जवाब गोला से देती है. देश में आर्थिक विकास भी काफी तेजी से हुआ है.
मौके पर श्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री की नीतियों से प्रेरित होकर आज युवा नेता सन्नी टोप्पो ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है. ये युवा और ऊर्जावान नेता हैं. निश्चित रूप से उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी.
श्री मरांडी ने कहा की हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड को बर्बाद करके छोड़ दिया है. हेमंत सरकार अपनी और अपने लोगों की तिजोरी भरने में व्यस्त है. राज्य अराजकता की राह पर है. अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. खनिज संपदाओं की लूट खसोट में पूरी सरकार प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से जुटी है. आम जनता त्राहिमाम कर रही है. हेमंत सरकार से लोग नाउम्मीद हो चुके हैं. लोग भाजपा की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं. यह जनता को गुमराह करने वाली सरकार है. इस सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी.
वहीं पार्टी ज्वाइन करने वाले सन्नी टोप्पो ने कहा कि मांडर की जनता जागरुक हो चुकी है. अब किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है. जनता को विकास चाहिए. जो नरेंद्र मोदी सरकार और उनके नेतृत्व में पूरा हो सकता है. 2024 में नरेंद्र मोदी को पुनः पीएम बनाना है और लूट खसोट में लिप्त वर्तमान झारखंड सरकार को भी उखाड़ फेंकने का काम यहां की जनता करेगी.
इस कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, सांसद सुदर्शन भगत, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह, ग्रामीण जिला प्रभारी विनोद सिंह, ग्रामीण जिला के अध्यक्ष सुरेंद्र महतो, महामंत्री प्रीतम साहू, करमा उरांव, विनय सिंह सहित प्रदेश एवं जिला के प्रमुख नेतागण के अलावा हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: 23-24 जनवरी को देवघर में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, होगी समीक्षा और पास होंगे राजनीतिक प्रस्ताव




